दतिया : दतिया उपचुनाव होने में महज 2 दिन का समय बच गया है। ऐसे में कांग्रेस और बीजेपी के दिग्गज नेताओं ने जनता को साधने के लिए एड़ी से चोटी का जोर लगा दिया है। इसी कड़ी में प्रचार प्रसार के आखिरी दिन सीएम मोहन भी दतिया पहुंचे और जनसभा कर जनता से बीजेपी प्रत्यासी आशुतोष तिवारी के हित में मतदान की अपील की।
मां पीतांबरा शक्तिपीठ में किया दर्शन-पूजन
दतिया जाने से पहले सीएम मोहन मां पीतांबरा शक्तिपीठ में दर्शन-पूजन करने के लिए पहुंचे और मां आशीर्वाद लिया। इसके बाद वो सिंधी धर्मशाला में आयोजित कुशवाह समाज के सम्मेलन को संबोधित करने के लिए पहुंचे।
हेमंत खंडेलवाल भी रहेंगे मौजूद
बता दें कि भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में सीएम मोहन एक विशाल रोड शो करने जा रहे है। जिसका आयोजन मां पीतांबरा शक्तिपीठ के पश्चिमी द्वार से शुरू होकर भैरो मंदिर बड़ी तिगैलिया तक निकाला जाएगा। इस दौरान सीएम के साथ प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग भी मौके पर मौजूद रहेंगे।
03 अगस्त को आएगा फैसला
पिछले 14 दिन में सीएम मोहन 3 बार दतिया आ चुके है। तो वही कांग्रेस ने भी जनता को साधने के लिए अपनी पूरी ताकत झोक दी है। बता दें कि उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने पूर्व विधायक और राजघराने से ताल्लुक रखने वाले घनश्याम सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं भाजपा ने आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा है। जिनकी किस्मत का फैसला 03 अगस्त को होगा।