होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

रायपुर कोर्ट परिसर से दो विचाराधीन कैदी फरार, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

रायपुर कोर्ट परिसर से दो विचाराधीन कैदी फरार, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सेंट्रल जेल से पेशी के लिए कोर्ट लाए गए दो विचाराधीन कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। घटना सामने आते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और शहरभर में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।

हत्या के प्रयास समेत गंभीर मामलों में थे बंद

मिली जानकारी के मुताबिक फरार कैदियों की पहचान राजेश मारकण्डेय और तुलाराम मारकण्डेय के रूप में हुई है। दोनों आरोपी हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर मामलों में न्यायिक अभिरक्षा के तहत सेंट्रल जेल में बंद थे। गुरुवार को उन्हें नियमित सुनवाई के लिए कोर्ट लाया गया था। बताया जा रहा है कि पेशी से पहले, जब दोनों कोर्ट मुहर्रिर की अभिरक्षा में थे, तभी मौका देखकर वहां से फरार हो गए। उल्लेखनीय है कि दोनों आरोपी आपस में बाप-बेटे हैं।

कोर्ट परिसर में मची अफरा-तफरी

कोर्ट परिसर से कैदियों के अचानक गायब होने की खबर मिलते ही पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। तत्काल आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू की गई, लेकिन शुरुआती प्रयासों में कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों और जेल प्रशासन को मामले की सूचना दी गई।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, सीसीटीवी खंगाले जा रहे

घटना की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन्स थाना पुलिस ने दोनों फरार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कोर्ट परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि उनके भागने के रास्ते और संभावित ठिकानों का पता लगाया जा सके।

गौरतलब है कि राजधानी में इस तरह की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई आरोपी पुलिस की निगरानी से फरार हो चुके हैं। चिंता की बात यह है कि कुछ मामलों में फरार आरोपियों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।


संबंधित समाचार