MP Bjp Election : तारीख तय, इस दिन होंगे भाजपा मंडल अध्यक्ष और जिलाध्यक्षों के चुनाव 

MP Bjp Election : तारीख तय, इस दिन होंगे भाजपा मंडल अध्यक्ष और जिलाध्यक्षों के चुनाव 

MP Bjp Election : मध्यप्रदेश भाजपा के संगठन पर्व को लेकर बुधवार को कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सहित कई पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यशाला के दौरान राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने कहा कि संगठन पर्व में क्षमतावान व विचारवान कार्यकर्ताओं को संगठन का नेतृत्व सौंपे। वहीं कार्यशाला में आगामी पदाधिकारियों को लेकर होने वाले चुनाव की जानकारी दी गई। इसके अनुसार पूरे प्रदेश में 15 दिसंबर तक मंडल अध्यक्ष और 31 दिसंबर तक जिला अध्यक्षों के चुनाव होंगे।

बनेंगे 200 नए मंडल 

वर्तमान में भाजपा के 1099 मंडल हैं। इस बार होने वाले मंडलों के चुनाव में करीब दो सौ नए मंडल गठित किए जा रहे हैं। यानी करीब 1300 मंडल अध्यक्ष इस बार चुने जाएंगे। कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि क्षमतावान व विचारवान लोगों को संगठन में लेकर आएं। परस्पर संवाद व परामर्श से मंडल व जिला संगठन पर्व का उत्सव मनाते हुए संगठन गढ़ें। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिली ऐतिहासिक विजय में मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका है। 

बनाया गया बूथ समितियां में रिकाॅर्ड 

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश ने कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत से 65,015 बूथों में से 55,559 बूथों में बूथ अध्यक्ष सहित पूरी बूथ समितियों का गठन कर देश में इतिहास बनाया। विधानसभा के उपचुनाव और महाराष्ट्र, झारखंड चुनाव में कार्यकर्ताओं के जाने से जो 10 प्रतिशत बूथ समितियां नहीं बन पाई हैं, उन्हें भी जल्द गठन कर लिया जाएगा। प्रदेश में महिला सशक्तिकरण को आगे लाने के लिए हर बूथ पर महिलाओं को प्रतिनिधित्व मिला है। यह देश में एक रिकॉर्ड है। 

करना है आदर्श संगठन का निर्माण 

प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि सबको मिलकर एक आदर्श संगठन का निर्माण करना है। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि हमारे वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा को सर्वस्पर्शी व सर्वव्यापी और सर्वसमावेशी बनाया। उसी तरह हमें संगठन को मजबूत बनाना है। कार्यशाला में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डे, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया, प्रदेश शासन के मंत्री प्रहलाद पटेल, वरिष्ठ नेता गोपाल भार्गव एवं डॉ नरोत्तम मिश्रा मौजूद थे। 


संबंधित समाचार