मुकेश शर्मा, शाजापुर: मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के एक छोटे से गांव से प्रतिभा की एक बेहद खूबसूरत और प्रेरक तस्वीर सामने आई है। ग्राम मोरटा केवड़ी की रहने वाली होनहार बेटी सोना दांगी ने अपनी कला के दम पर हर किसी को अपनी ओर आकर्षित किया है।
सोना ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का एक बेहद सजीव और आकर्षक स्केच तैयार किया है, जिसे बनाने में उन्हें पूरे पांच दिनों की कड़ी मेहनत और लगन लगी है। सोना की अब एक ही तमन्ना है कि मुख्यमंत्री के आगामी प्रस्तावित "मां के अभिमान पौधारोपण कार्यक्रम" के दौरान उन्हें यह कलाकृति खुद सीएम के हाथों में सौंपने का मौका मिले।
सीएम के फैसलों से हूं प्रभावित: सोना दांगी
अपनी इस कलाकृति और मुख्यमंत्री के प्रति अपने आदर को साझा करते हुए सोना दांगी ने कहा है कि मुख्यमंत्री जी ने बेटियों के हित और उनके सशक्तिकरण में जो ऐतिहासिक फैसले लिए हैं, उनसे मैं बहुत ज्यादा प्रभावित हूँ। उन्हीं के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए मैंने पांच दिनों की मेहनत से यह स्केच तैयार किया है। मेरी दिली इच्छा है कि 'मां के अभिमान पौधारोपण कार्यक्रम' में मैं खुद अपने हाथों से उन्हें यह भेंट कर सकूं।
युवाओं के लिए प्रेरणा बनीं सोना
सोना की यह कला और उनकी मेहनत सिर्फ उनके हुनर को ही नहीं दर्शाती, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की अन्य बेटियों और युवाओं के लिए भी एक बड़ा प्रेरणा का संदेश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार द्वारा चलाई जा रही लाड़ली लक्ष्मी और महिला सशक्तिकरण योजनाओं का ग्रामीण बेटियों के मानस पटल पर कितना गहरा और सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है, यह सोना की कला से साफ जाहिर होता है।
प्रशासन से उम्मीद
अब देखना यह होगा कि शाजापुर प्रशासन इस होनहार बेटी की इस भावुक और कलात्मक इच्छा को मुख्यमंत्री तक पहुँचाने में कितनी जल्दी मदद करता है।