Orchha News: मध्य प्रदेश की धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ओरछा को केंद्र सरकार की ओर से बड़ी सौगात मिली है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रयासों से ओरछा लिंक ग्रीन फील्ड लेन हाईवे परियोजना को मंजूरी मिल गई है, जिससे क्षेत्र में यातायात और पर्यटन दोनों को मजबूती मिलेगी।
दो राष्ट्रीय राजमार्गों को जोड़ेगा हाईवे
यह प्रस्तावित हाईवे झांसी-खजुराहो राष्ट्रीय राजमार्ग को ललितपुर मार्ग से जोड़ने का काम करेगा। करीब 15 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट पर लगभग 631 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है।
इन गांवों से होकर गुजरेगा मार्ग
यह नया मार्ग वनगायखास से शुरू होकर मजरा वनगाय, जमुनिया खास, रुदमकोरा, रामनगर, ढिमरपुरा, कुंअरपुरा, बबेडी, प्रतापपुरा, जमुनियाभाटा, गुजर्राखुर्द, मथुरापुरा और सैन्यर जैसे कई गांवों से होकर गुजरेगा, जिससे स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
पत्र के जरिए उठाई गई थी मांग
बताया गया कि इस परियोजना को लेकर भाजपा नेता विकास यादव ने पहल की थी। उनकी मांग पर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर स्वीकृति का अनुरोध किया था। इसके बाद इस प्रोजेक्ट को वर्ष 2025-26 की योजना में शामिल कर प्रशासनिक मंजूरी दे दी गई।
पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
इस हाईवे के बनने से ओरछा में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। साथ ही आवागमन आसान होने से क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।