होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

SBI कियोस्क से 1 करोड़ से ज्यादा की धोखाधड़ी का आरोप, संचालक गिरफ्तार; 29 FD बॉन्ड और लैपटॉप जब्त

SBI कियोस्क से 1 करोड़ से ज्यादा की धोखाधड़ी का आरोप, संचालक गिरफ्तार; 29 FD बॉन्ड और लैपटॉप जब्त

धमतरी जिले के कुरुद क्षेत्र में SBI कियोस्क सेंटर के जरिए खाताधारकों से बड़ी रकम की वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्राम कोरा में कियोस्क संचालित करने वाले 40 वर्षीय केशव राम साहू को भखारा पुलिस ने 1 करोड़ 75 हजार 717 रुपए की धोखाधड़ी, गबन और कूटरचना के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कियोस्क सेंटर से एक लैपटॉप और 29 हितग्राहियों के फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) बॉन्ड पेपर बरामद किए हैं।आरोपी को गिरफ्तारी के बाद कुरुद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

SBI के अनुबंध के तहत चल रहा था ग्राहक सेवा केंद्र

पुलिस के मुताबिक, एनआईसीटी टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के जिला प्रबंधक जुगलकिशोर ने इस मामले की शिकायत भखारा थाने में दर्ज कराई थी। संस्था भारतीय स्टेट बैंक के अनुबंध के तहत ग्राहक सेवा केंद्र संचालित कराती है। इसी व्यवस्था के तहत केशव राम साहू को ग्राम कोरा में कियोस्क सेंटर चलाने की जिम्मेदारी दी गई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

10 साल की अवधि में वित्तीय गड़बड़ी का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 27 अगस्त 2015 से 29 नवंबर 2025 के बीच खाताधारकों के साथ अलग-अलग तरह की वित्तीय अनियमितताएं की गईं। पुलिस के अनुसार, धोखाधड़ी, गबन और कूटरचना के जरिए कुल 1,00,75,717 रुपए की राशि से संबंधित आपराधिक न्यासभंग का मामला सामने आया है। मामले में भखारा थाने में अपराध क्रमांक 102/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4), 338 और 336(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई।

पूछताछ के बाद कियोस्क से मिला अहम सामान

जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर केशव राम साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर ग्राम कोरा स्थित कियोस्क सेंटर से सामान जब्त किया गया।गवाहों की मौजूदगी में पुलिस ने लेनोवो कंपनी का एक लैपटॉप और 29 हितग्राहियों के FD बॉन्ड पेपर जब्त किए। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 21 सितंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

खाताधारकों से पुलिस की अपील

मामले की जांच अभी जारी है। पुलिस ने बैंक खाताधारकों से अपने पासबुक, रसीद और अन्य बैंक दस्तावेजों की समय-समय पर जांच करने की अपील की है। इसके साथ ही किसी भी तरह के संदिग्ध लेन-देन की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की सलाह दी गई है।


संबंधित समाचार