होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

सरगुजा की शिक्षिका विभा चौबे ने रचा इतिहास: KBC की हॉट सीट तक पहुँचने वाली जिले की पहली महिला, इस दिन होगा टीवी पर प्रसारण...

सरगुजा की शिक्षिका विभा चौबे ने रचा इतिहास: KBC की हॉट सीट तक पहुँचने वाली जिले की पहली महिला, इस दिन होगा टीवी पर प्रसारण...

Vibha Chaubey KBC: अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले की एक साधारण-सी शिक्षिका ने अपने ज्ञान, आत्मविश्वास और सतत परिश्रम के बल पर असाधारण उपलब्धि हासिल कर ली है। सरगुजा जिले की विभा चौबे देश के सबसे लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) की हॉट सीट तक पहुँचने वाली जिले की पहली महिला बन गई हैं। इसके साथ ही वे छत्तीसगढ़ की पहली महिला शिक्षिका हैं, जो KBC के मंच पर हॉट सीट पर बैठकर खेलती नजर आएंगी।

KBC में  दिखेगा सरगुजा का गौरव:

KBC द्वारा जारी किए गए पहले प्रोमो में साफ देखा जा सकता है कि विभा चौबे महानायक अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठकर सवालों का सामना करती नजर आएंगी। उनका यह एपिसोड 31 दिसंबर और 1 जनवरी को प्रसारित किया जाएगा। प्रोमो सामने आते ही सरगुजा जिले के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ़ के शिक्षा जगत में खुशी और गर्व की लहर दौड़ गई है।

वर्तमान में दरिमा गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में कार्यरत:

विभा चौबे वर्तमान में दरिमा गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। वे वर्षों से छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का कार्य कर रही हैं। पढ़ाने के साथ-साथ निरंतर ज्ञान अर्जन और सीखने की उनकी लगन ही उन्हें KBC जैसे राष्ट्रीय मंच तक ले गई।

शिक्षकों और छात्राओं के लिए बनीं मिसाल:

विभा चौबे की यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं, शिक्षिकाओं और छात्राओं के लिए एक मजबूत प्रेरणा बनकर सामने आई है। उन्होंने यह साबित कर दिया कि सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर बड़े सपनों को साकार किया जा सकता है।

परिवार का मिला मजबूत सहयोग:

उनकी इस उपलब्धि में परिवार की अहम भूमिका रही है। उनके पति प्रमेंद्र चौबे, जो कि मैनपाट मिडिल स्कूल में प्राचार्य के पद पर कार्यरत हैं, ने हर कदम पर उनका मनोबल बढ़ाया। शिक्षा से जुड़े इस दंपति की कहानी आज प्रदेशभर में प्रेरणा का स्रोत बन चुकी है।

शिक्षा विभाग ने जताया गौरव:

विभा चौबे की उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ शिक्षा विभाग ने भी प्रसन्नता व्यक्त की है। विभाग का कहना है कि यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि ज्ञान, निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास से कोई भी व्यक्ति राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकता है।

छत्तीसगढ़ की बेटी, जो बन गईं प्रेरणा:

आज विभा चौबे की पहचान सिर्फ एक शिक्षिका के रूप में नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की उस बेटी के रूप में हो चुकी है, जिसने बच्चों को ज्ञान देते-देते खुद इतिहास रच दिया। उनकी यह उपलब्धि सरगुजा जिले के लिए गर्व, शिक्षा जगत के लिए सम्मान और आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन गई है।


संबंधित समाचार