भोपाल। मध्यप्रदेश में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। प्रदेश के ऊपरी हिस्सों में दो चक्रवाती सिस्टम सक्रिय होने से आने वाले दो दिनों तक मौसम में बदलाव की संभावना है। ग्वालियर-चंबल संभाग में बारिश होने के आसार हैं, जबकि इंदौर सहित कुछ इलाकों में रात के समय ठंड का असर बढ़ने लगा है।
सक्रिय चक्रवाती सिस्टम के चलते बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, सक्रिय चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में बादल छाने और बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए आज इस संभाग के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अगले दो दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
रात के तापमान में गिरावट दर्ज
वहीं, इंदौर में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। यहां न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे रातें अपेक्षाकृत ठंडी हो गई हैं।
कहीं बारिश तो कही ठंड का असर
प्रदेश में कहीं बारिश की संभावना है, तो कहीं ठंड का असर महसूस किया जा रहा है। ऐसे में लोगों को मौसम के बदलते मिजाज के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है।