भोपाल। मध्यप्रदेश में शिक्षक भर्ती को लेकर चल रहे विरोध के बीच नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर अभ्यर्थियों की मांगों पर जल्द कार्रवाई की अपील की है। उन्होंने वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने तथा भर्ती प्रक्रिया के दूसरे चरण की काउंसलिंग जल्द शुरू करने की मांग रखी है।
एक लाख से अधिक शिक्षकों के पद खाली
राहुल गांधी ने पत्र में लिखा कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में एक लाख से अधिक शिक्षकों के पद खाली हैं, जिसका असर बच्चों की शिक्षा पर पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि शिक्षक भर्ती-2025 में वर्ग-3 के 13,089 और वर्ग-2 के 10,800 पद ही निर्धारित किए गए हैं।
सीमित पदों के कारण नियमित नियुक्ति से वंचित
उनका कहना है कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने परीक्षा में अच्छे अंक हासिल किए हैं। इनमें कई ऐसे युवा भी हैं, जो अतिथि शिक्षक के तौर पर सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन सीमित पदों के कारण नियमित नियुक्ति से वंचित हैं। लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे कुछ अभ्यर्थी आयु सीमा के करीब पहुंच चुके हैं।
दूसरे चरण की काउंसलिंग जल्द शुरू करने का आग्रह
राहुल गांधी ने आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों को जारी नोटिस वापस लेने और उनसे बातचीत करने की मांग की। उन्होंने सरकार से प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनने और वर्ग-2 व वर्ग-3 में पदवृद्धि के साथ दूसरे चरण की काउंसलिंग जल्द शुरू करने का आग्रह किया है।