होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

CHHATARPUR NEWS : धीरेंद्र शास्त्री की सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा 3.0 का रूट जारी, 5 जिलों से गुजरेगी यात्रा

CHHATARPUR NEWS : धीरेंद्र शास्त्री की सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा 3.0 का रूट जारी, 5 जिलों से गुजरेगी यात्रा

छतरपुर। बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की प्रस्तावित ‘सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा 3.0’ का पूरा रूट सामने आ गया है। करीब 500 किलोमीटर लंबी यह यात्रा 11 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 तक मध्यप्रदेश के पांच जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा का शुभारंभ बागेश्वर धाम गढ़ा से होगा और अंतिम पड़ाव छतरपुर में रहेगा, जहां हनुमान चालीसा सामूहिक संकट निवारण हवन के साथ यात्रा का विराम होगा।

इन मार्गो से होकर गुजरेगी यात्रा 

बागेश्वर सरकार की ओर से जारी रूट प्लान के मुताबिक यात्रा छतरपुर, पन्ना, दमोह, सागर और टीकमगढ़ जिले के प्रमुख कस्बों और गांवों से होकर गुजरेगी। इस दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं और सनातनियों से संवाद, सभाएं तथा धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

11 अक्टूबर- बागेश्वर धाम से पन्ना

यात्रा की शुरुआत 11 अक्टूबर रविवार को बागेश्वर धाम से होगी। इसके बाद रथ यात्रा बमीठा, चंद्रनगर, अजयगढ़ और सिंहपुर होते हुए पन्ना पहुंचेगी।
बमीठा में करीब 20 मिनट, चंद्रनगर में 20 मिनट और अजयगढ़ में दोपहर भोजन के लिए करीब 90 मिनट का विश्राम रखा गया है। इसके बाद सिंहपुर से होते हुए यात्रा पन्ना पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा।

12 अक्टूबर- पन्ना से हटा

इसके बाद 12 अक्टूबर को यात्रा पन्ना से अमानगंज, पवई और मोहेंद्र होते हुए हटा पहुंचेगी। अमानगंज में 30 मिनट, पवई में करीब 90 मिनट का दोपहर भोजन विश्राम और मोहेंद्र में 20 मिनट का विश्राम प्रस्तावित है। इसके बाद रात्रि विश्राम गौरीशंकर मंदिर में होगा।

13 अक्टूबर- हटा से सागर

13 अक्टूबर को रथ यात्रा हटा से हिंडोरिया, दमोह, गढ़ाकोटा और रहली होते हुए सागर पहुंचेगी। हिंडोरिया, गढ़ाकोटा और रहली में करीब 45-45 मिनट के पड़ाव तथा दमोह में करीब 90 मिनट का दोपहर भोजन विश्राम रहेगा। यात्रा का रात्रि पड़ाव सागर स्थित बालाजी मंदिर में होगा।

14 अक्टूबर- सागर से टीकमगढ़

14 अक्टूबर को यात्रा सागर से आगे बढ़कर करईयापुर, बांदा, शाहगढ़ और बड़ागांव होते हुए टीकमगढ़ पहुंचेगी। बांदा में करीब 60 मिनट का भोजन विश्राम, शाहगढ़ में 45 मिनट और अन्य निर्धारित स्थानों पर संक्षिप्त विश्राम रखा गया है। रात में शासकीय पीजी कॉलेज, टीकमगढ़ में विश्राम प्रस्तावित है।

15 अक्टूबर- टीकमगढ़ से छतरपुर

यात्रा के अंतिम दिन यानी की 15 अक्टूबर को रथ टीकमगढ़ से जतारा, पलेरा और नौगांव होते हुए छतरपुर पहुंचेगा। जतारा में करीब 60 मिनट का दोपहर भोजन विश्राम, पलेरा में 30 मिनट और नौगांव में 45 मिनट का पड़ाव रहेगा। इसके बाद यात्रा छतरपुर पहुंचेगी, जहां हनुमान चालीसा सामूहिक संकट निवारण हवन के साथ यात्रा का समापन/विराम होगा।

बागेश्वर महाराज ने बुंदेली में किया आह्वान

बागेश्वर सरकार ने बुंदेली अंदाज में हाथ जोड़कर पन्ना, दमोह, सागर, टीकमगढ़ और छतरपुर सहित पूरे मध्यप्रदेश और देशभर के सनातनियों से इस यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया है। 11 से 15 अक्टूबर तक निकलने वाली यह रथ यात्रा पांच जिलों से गुजरते हुए करीब 500 किलोमीटर का सफर तय करेगी। आयोजकों का दावा है कि यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और सनातनी विभिन्न पड़ावों पर शामिल होंगे।


संबंधित समाचार