भोपाल। मध्यप्रदेश से मानसून की विदाई के बाद मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी और उमस बनी हुई है, वहीं रात के तापमान में गिरावट से ठंडक बढ़ने लगी है। पिछले तीन दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आया है।
भोपाल, उज्जैन में गिरा पारा
अमरकंटक में रात का तापमान 16 डिग्री और इंदौर में 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। भोपाल, उज्जैन और पचमढ़ी में भी पारे में गिरावट दर्ज की गई है।
5 और 6 अक्टूबर को प्रदेश में बारिश के आसार नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक 5 और 6 अक्टूबर को प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और दिन में धूप खिली रहने की संभावना है। हालांकि 7 और 8 अक्टूबर को पूर्वी मध्यप्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली सहित आसपास के इलाकों में बारिश के आसार हैं। अक्टूबर में मौसम में गर्मी, बारिश और ठंड का मिला-जुला असर देखने को मिल सकता है।
3 अक्टूबर को मानसून विदा हुआ
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अक्टूबर में प्रदेश में गर्मी, बारिश और ठंड का मिला-जुला असर देखने को मिल सकता है। इस साल मानसून करीब 100 दिन सक्रिय रहने के बाद 3 अक्टूबर को विदा हुआ।