भैरूंदा, मुकेश प्रजापति : जतन उजाला सेवा संस्था, शिवपुरी द्वारा बैंक के माध्यम से वित्तीय साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति मिलने के बाद भेरूंदा ब्लॉक के लाड़कुई स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि शाखा सहकारी संस्था में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक और गीत-संगीत के जरिए बैंकिंग योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया।
साइबर धोखाधड़ पर नाटक
28 जनवरी से संस्था की टीम विभिन्न संस्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रही है। इसी क्रम में लाड़कुई में आयोजित कार्यक्रम में कलाकारों ने साइबर धोखाधड़ी पर आधारित गीत और नाटक प्रस्तुत कर लोगों को सतर्क रहने का संदेश दिया।
इन योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई, जिनमें प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना शामिल हैं। नाटक के माध्यम से इन योजनाओं के लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई।
किसानों को बताया कि...
इसके साथ ही किसानों को बताया गया कि समिति से खाद लेने के लिए अब लंबी लाइन में खड़े होने की आवश्यकता नहीं है। किसान स्वयं टोकन प्रणाली के माध्यम से खाद की बुकिंग कर सकते हैं, जिससे समय की बचत होगी और व्यवस्था सुचारू रहेगी। कार्यक्रम में जतन उजाला सेवा संस्था, शिवपुरी के अधिकारी-कर्मचारी, शाखा प्रबंधक जनार्दन शर्मा, समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय साक्षरता बढ़ाना और बैंकिंग सेवाओं से जोड़ना रहा।