नई दिल्ली। भारतीय खेल जगत की दिग्गज एथलीट, भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद पीटी ऊषा (P T Usha) के जीवन में शुक्रवार को गहरा दुख छा गया। उनके पति वी श्रीनिवासन का 67 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। इस दुखद घटना से खेल और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार तड़के श्रीनिवासन की तबीयत अचानक बिगड़ गई। वे अपने आवास पर ही गिर पड़े, जिसके बाद उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पीटी ऊषा के जीवन के मजबूत स्तंभ थे श्रीनिवासन:
वी श्रीनिवासन केंद्र सरकार के पूर्व कर्मचारी रह चुके थे और सीआईएसएफ (CISF) में इंस्पेक्टर के पद पर सेवाएं दे चुके थे। इसके अलावा वे एक अच्छे कबड्डी खिलाड़ी भी रहे। खेल और राजनीति—दोनों क्षेत्रों में पीटी ऊषा के सफर में वे हमेशा उनके साथ मजबूती से खड़े रहे। उन्हें उषा की सफलता के पीछे सबसे बड़ा सहारा माना जाता था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया शोक:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीटी ऊषा से फोन पर बात कर उनके पति के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने इस कठिन समय में पीटी ऊषा और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
1991 में हुआ था विवाह:
पीटी ऊषा और वी श्रीनिवासन की शादी 25 अप्रैल 1991 को हुई थी। दंपति का एक बेटा उज्ज्वल है। श्रीनिवासन के निधन से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
पीटी ऊषा भारतीय एथलेटिक्स की पहचान:
पीटी ऊषा को ‘उड़नपरी’ के नाम से जाना जाता है। उन्होंने 1984 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में 400 मीटर बाधा दौड़ के फाइनल में पहुंचकर इतिहास रचा था। वह पदक से महज 1/100 सेकंड से चूक गई थीं। भारत सरकार ने उन्हें पद्म श्री और अर्जुन पुरस्कार जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा है।