नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र 2026 का आज (गुरुवार) दूसरा दिन है। लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी, जिसमें वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण देश का आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 (Economic Survey) पेश करेंगी। यह सर्वे केंद्र सरकार के एक साल के आर्थिक प्रदर्शन का विस्तृत लेखा-जोखा होता है, जिसे बजट से पहले संसद के पटल पर रखा जाता है। आर्थिक सर्वे में GDP ग्रोथ, महंगाई, बैंकिंग, कृषि, उद्योग, रोजगार और एक्सपोर्ट सेक्टर से जुड़े अहम आंकड़े और विश्लेषण शामिल होने की उम्मीद है। इसे केंद्र की NDA सरकार का आर्थिक रिपोर्ट कार्ड भी माना जाता है।
इस बार 2 दिन पहले क्यों पेश हो रहा है आर्थिक सर्वे:
परंपरागत रूप से आर्थिक सर्वे हर साल बजट से ठीक एक दिन पहले पेश किया जाता था, लेकिन इस बार सरकार ने इसे दो दिन पहले संसद में रखने का फैसला किया है। इससे सांसदों और नीति विशेषज्ञों को बजट से पहले अर्थव्यवस्था की स्थिति समझने का अतिरिक्त समय मिलेगा।
बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की रिपोर्ट भी होगी पेश:
आज लोकसभा में बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की 13वीं रिपोर्ट भी पेश की जाएगी। कार्यसूची के अनुसार, यह रिपोर्ट केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और कोडिकुन्निल सुरेश द्वारा सदन में रखी जाएगी। इसके साथ ही, लोकसभा नियम 377 के तहत सार्वजनिक महत्व के मुद्दों पर भी चर्चा करेगी।
AERA से जुड़े दस्तावेज सदन में रखे जाएंगे:
केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल आज लोकसभा में एयरपोर्ट इकोनॉमिक रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AERA) से संबंधित दस्तावेज पेश करेंगे। इसके अलावा, वर्ष 2024-25 के लिए AERA के कामकाज की समीक्षा पर एक बयान भी सदन के पटल पर रखा जाएगा।
दो चरणों में होगा बजट सत्र 2026:
संसद का बजट सत्र 28 जनवरी 2026 को शुरू हुआ है और इसे दो चरणों में आयोजित किया जाएगा, जिसके मुताबिक पहला चरण: 28 जनवरी से 13 फरवरी 2026 और दूसरा चरण: 9 मार्च से 2 अप्रैल 2026 को होगा, गौरतलब है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज लगातार 9वीं बार संसद में आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी।
पहले दिन राष्ट्रपति का संबोधन:
बजट सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने वर्ष 2026 को ‘विकसित भारत’ की दिशा में अहम साल बताया और सरकार की प्राथमिकताओं में समावेशी विकास, सामाजिक न्याय और आर्थिक मजबूती पर जोर दिया।
आज पेश होगा सरकार का आर्थिक रिपोर्ट कार्ड:
आज पेश होने वाले आर्थिक सर्वे में सरकार की नीतियों, खर्च, सुधारों और आर्थिक रफ्तार का पूरा खाका सामने आएगा। GDP ग्रोथ अनुमान से लेकर सेक्टोरल परफॉर्मेंस तक, यह दस्तावेज आगामी 1 फरवरी को पेश होने वाले केंद्रीय बजट 2026 की दिशा और प्राथमिकताओं का संकेत देगा।