शिवपुरी : अक्सर अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले पंडित धीरेंद्र शास्त्री आज अपनी राखी बहन हिमांशी केवट से मिलने के लिए उनके निवास पर पहुंचे। जहां पंडित जी के अचानक आगमन से लोग हैरान रह गए। तो वही बागेश्वर महाराज को अपने घर पर देख परिवार की खुशी का ठिकाना ही नहीं रहा। इस दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने बहन हिमांशी केवट के साथ बैठकर चाय पी और राखी पर किया वादा निभाया।
श्रीराम कथा के पंचम दिन पहुंचे बहन के घर
दरअसल, पंडित धीरेंद्र शास्त्री इन दिनों शिवपुरी जिले के करेरा में श्रीराम कथा कर रहे है। इसी बीच जब वो कथा कर घर लौट रहे थे। तभी उन्हें अपनी बहन हिमांशी केवट की याद आई और वो उससे मिलने के लिए तुरंत उनके निवास पर पहुंचे। जिसे देखकर हिमांशी, उसकी मां मीरा केवट और आसपास के लोग भावुक हो गए।
राखी पर किया था वादा
बताया जा रहा है कि पिछली बार शिवपुरी में कथा के दौरान हिमांशी ने बागेश्वर सरकार को राखी बांधी थी। उस समय उन्होंने एक दिन उसके घर आकर चाय पीने की बात कही थी। इसी के चलते पंडित जी हिमांशी से मिलने उनके घर पहुंचे और अपना वादा निभाया।
हिमांशी को था भरोसा
हिमांशी ने बताया कि उसके पिता नहीं हैं और उसकी मां घरों में बर्तन साफ करके परिवार का खर्च चलाती हैं। उसने बताया कि महाराज के आने की उम्मीद में वो घर पर तैयारियां की थीं। हालांकि, कुछ लोगों ने उनके आने को लेकर संदेह जताया था, लेकिन हिमांशी को भरोसा था कि राखी के समय किया गया वादा पूरा होगा।
घर में बैठने के लिए तख्त तक नहीं
हिमांशी के मुताबिक, घर में बैठने के लिए तख्त तक नहीं है, फिर भी बागेश्वर सरकार ने वहां समय बिताया और चाय पी। उनके इस दौरे से परिवार में खुशी का माहौल रहा। यह मुलाकात हिमांशी के लिए खास बन गई। उसके लिए यह केवल घर पर अतिथि के आने का अवसर नहीं, बल्कि राखी के रिश्ते से जुड़ी एक यादगार मुलाकात थी।