सिवनी : मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के कुरई थाना क्षेत्र के पचधार हाईवे के पास हादसे का शिकार होने के चलते आज 3 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सभी लोग रोजगार के लिए केरल जा रहे थे। तभी गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया। इधर, हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की।
मजदूर रोजगार की तलाश में केरल जा रहे थे
जानकारी के अनुसार, मंडला और डिंडौरी जिले के मजदूर रोजगार की तलाश में शुक्रवार तड़के तूफान वाहन में सवार होकर केरल जा रहे थे। तभी ड्राइवर को नींद की झपकी आई और गाड़ी अनियंत्रित होकर एक घर में जा घुसी। जिसकी वजह से गाड़ी में सवार 3 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हो गए।
ओवरलोड वाहन मकान में घुसा
बताया जा रहा है कि वाहन में 29 लोग सवार थे। जिसमे से 12 पुरुष, 12 महिलाएं और पांच बच्चे शामिल है। गनीमत रही कि हादसे में घर के अंदर मौजूद लोगों को कुछ नहीं हुआ। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने मृतकों की पहचान
पुलिस के अनुसार इस हादसे में ड्राइवर चाबी निवासी सराजू बालरे, दशरथ धुर्वे और नरेंद्र सोनवाने की मौत हो गई। जबकि संजय पिता सुक्कल पुसाम निवासी ग्राम भैंसवाही और धनेश्वरी पति विपिन मरावी निवासी ग्राम अहमदपुर गंभीर रूप से घायल हैं। दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।