होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

सुकमा दौरे पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, आंगनबाड़ी से नक्सल पुनर्वास केंद्र तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा

सुकमा दौरे पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, आंगनबाड़ी से नक्सल पुनर्वास केंद्र तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा

छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े शुक्रवार को एक दिवसीय प्रवास पर सुकमा पहुंचीं। दौरे के दौरान उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़ी विभिन्न संस्थाओं और पुनर्वास केंद्रों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर बनाने और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

आंगनबाड़ी में बच्चों के बीच बिताया समय

मंत्री ने सबसे पहले रोकेल स्थित आंगनबाड़ी केंद्र और जिला अस्पताल परिसर में संचालित पोषण एवं पुनर्वास केंद्र (NRC) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, पढ़ाई और दैनिक गतिविधियों की जानकारी ली। बच्चों के साथ फर्श पर बैठकर उन्होंने एबीसीडी और पहाड़े भी सुने। बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए उन्हें फल और चॉकलेट वितरित किए तथा परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को बच्चों के लिए सभी आवश्यक शैक्षणिक और पोषण संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इमली प्रसंस्करण केंद्र का किया निरीक्षण

इसके बाद मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े कुम्हाररास स्थित इमली प्रसंस्करण केंद्र पहुंचीं। यहां कलेक्टर अमित कुमार ने केंद्र की कार्यप्रणाली और स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों की जानकारी दी। बताया गया कि केंद्र में करीब 60 महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है और इमली से जुड़े विभिन्न उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। मंत्री ने महिलाओं से बातचीत कर उनके कार्यों की सराहना की और उत्पादन गतिविधियों का अवलोकन किया।

नक्सल पुनर्वास केंद्र में प्रशिक्षणार्थियों से की चर्चा

दौरे के अंतिम चरण में मंत्री ने नक्सल पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में रह रहे आत्मसमर्पित युवाओं से मुलाकात कर भोजन, आवास और प्रशिक्षण संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने बताया कि पुनर्वास योजना के तहत युवाओं को विभिन्न रोजगारपरक प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। इस अवसर पर मंत्री ने 36 प्रशिक्षणार्थियों को वेलकम किट वितरित की और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जुड़कर बेहतर भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया।

अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण, जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर शबाब खान, संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग सीबी सिसोदिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी शिवदास नेताम सहित कई जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


संबंधित समाचार