मंडला ; मध्य प्रदेश के मंडला जिले में रफ़्तार का कहर देखने को मिला। जहां बम्हनी बंजर थाना क्षेत्र के भवरताल जंगल के पास हुए सड़क हादसे में एक ट्रैक्टर चालक की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि एक्सीडेंट में हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे तत्काल प्रभाव से पुलिस की मौजूदगी में अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां उसका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों की मदद से शव को निकाला बाहर
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर ब्लास्टिंग सामग्री लेकर डोलोमाइट खदान की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए एक अज्ञात डंपर ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया और ट्रैक्टर के नीचे दबने से चालक की मौके पर मौत हो गई। वहीं ट्रैक्टर में मौजूद हेल्पर उछलकर दूर जा गिरा, जिससे उसकी जान बच गई।
अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज
इधर, हादसे के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। फ़िलहाल पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वही मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।