जबलपुर : मध्य प्रदेश के जबलपुर में बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गया, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा भेड़ाघाट रिंग रोड पर नेशनल हाईवे-45 के किनारे स्थित ‘राज फैमिली ढाबे’ के पास हुआ। जिसकी जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की। हादसा रात करीब 02 बजे के आस पास हुआ।
ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा था
बताया जा रहा है कि मक्का की बोरियों से ओवरलोड एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े वाहनों (एक बोलेरो, एक कार और एक पिकअप) को जोरदार टक्कर मारते हुए लोगों पर चढ़ गया। जिसकी वजह से 3 की मौत हो गई। तो वही इस हादसे में ढाबा संचालक राजा साहू और एक अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका इलाज अस्पताल में जारी है।
तीन लोगों की मौके पर मौत
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि शहपुरा से जबलपुर की ओर आ रहा मक्का से लदा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर खैरी बंधा क्षेत्र में राज फैमिली ढाबे में जा घुसा। ट्रक ने ढाबे के बाहर खड़े वाहनों को टक्कर मारने के बाद आग ताप रहे लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में हादसे में ढाबा कर्मचारी धर्मेंद्र (35), शराब दुकान कर्मचारी बलराम (37) और मोनू (32) की मौके पर ही मौत हो गई। बलराम और मोनू भिंड-मुरैना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं, जबकि धर्मेंद्र खैरी का रहने वाला था।
फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही पुलिस
फ़िलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।