जबलपुर : मध्य प्रदेश के जबलपुर में कोदो की रोटी खाने से 07 लोगों की तबियत बिगड़ने का मामला सामने आया है। सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य है। जिन्हे उल्टियां, तेज सिरदर्द, बेहोशी और शरीर में झटके आने की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां सभी की हालत फ़िलहाल ठीक बताई जा रही है।
रात 10 बजे के आस पास बिगड़ा मामला
बताया जा रहा है कि सिकंदर के परिवार ने बुधवार रात भोजन में कोदो के आटे की रोटियां खाईं थी। जिसके कुछ देर के बाद सभी की तबियत बिगड़ने लगी और आनन फानन में सभी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
जांच के बाद होगा वजह का खुलासा
ग्राम सरपंच रिंकू पटेल के मुताबिक, परिवार ने चूल्हे पर कोदो के आटे की रोटियां बनाई थीं और आशंका है कि इस्तेमाल किया गया अनाज दूषित या विषाक्त हो सकता है। हालांकि, बीमारी की वास्तविक वजह की पुष्टि चिकित्सा व प्रयोगशाला जांच के बाद ही हो सकेगी।
मामला फूड पॉइजनिंग का
डॉक्टर अंसारी के मुताबिक, शुरुआती तौर पर मामला फूड पॉइजनिंग का लग रहा है। मेडिकल कॉलेज में सभी का इलाज जारी है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। मामला थाना सिहोरा के ग्राम मोहसाम का।
अस्पताल भेजकर समुचित उपचार की व्यवस्था कराई
बीमारों में सिकंदर (55), जुम्नी (40), इकरार (30), रजीना (25), रुखसार (18), रोजी (15) और शबनम (11) शामिल हैं। घटना की सूचना पर विधायक संतोष बरकड़े ने भाजपा नेता राजेश दाहिया व अनुमन सराफ को अस्पताल भेजकर समुचित उपचार की व्यवस्था कराई।
नमी और फफूंद से पैदा हो सकता है विष
कोदो सामान्य रूप से खाने योग्य अनाज है, लेकिन अनुचित तरीके से सुखाने या भंडारण करने पर इसमें फफूंद पनप सकती है। कुछ फफूंद विषैले पदार्थ यानी माइकोटॉक्सिन बनाती हैं।