होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Orchha PM Shri Helicopter Service : ओरछा को जल्द मिलेगी पीएम श्री हेलीकॉप्टर सेवा, मिले निर्देश

Orchha PM Shri Helicopter Service : ओरछा को जल्द मिलेगी पीएम श्री हेलीकॉप्टर सेवा, मिले निर्देश

हेमंत गोस्वामी, ओरछा :पर्यटन नगरी ओरछा अब हवाई संपर्क की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। प्रधानमंत्री श्री हेलीकॉप्टर सेवा के तहत ओरछा से हेलीकॉप्टर उड़ान शुरू करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसे लेकर पर्यटन सचिव डॉ. इलैयाराजा टी. ने निवाड़ी कलेक्टर को पत्र भेजकर हेलीपैड पर सुरक्षा व्यवस्था, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी अनिवार्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

ओरछा–चंदेरी–भोपाल रूट पर चलेगी सेवा

पर्यटन विभाग के अनुसार हेलीकॉप्टर सेवा का संचालन जेट सर्व एविएशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। यह सेवा ओरछा, चंदेरी और भोपाल के बीच संचालित होगी। सुरक्षा, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड से जुड़े सभी खर्च सेवा प्रदाता कंपनी वहन करेगी, जबकि मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड समन्वय और आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी निभाएगा।

मंदिर दर्शन को लेकर भी निर्देश

पर्यटन सचिव ने ओरछा मंदिर ट्रस्ट के साथ समन्वय कर यात्रियों के लिए प्रतिदिन वीआईपी दर्शन पास आरक्षित करने के निर्देश भी दिए हैं। इन पासों की व्यवस्था ऑपरेटर को उपलब्ध कराई जाएगी, जिसका निर्धारित शुल्क नियमानुसार जेट सर्व एविएशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा अदा किया जाएगा।

सिंधिया के पत्र के बाद मिली मंजूरी

बता दें कि ओरछा से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू कराने को लेकर भाजपा नेता विकास यादव के आग्रह पर केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 9 सितंबर 2025 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद अब यह योजना जमीन पर उतरने जा रही है।

पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने से ओरछा के पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है। सड़क मार्ग सीमित होने के कारण अब तक विदेशी पर्यटकों को यहां पहुंचने में कठिनाई होती थी। हवाई सुविधा शुरू होने से पर्यटक सीधे भोपाल या चंदेरी से हेलीकॉप्टर के जरिए ओरछा पहुंच सकेंगे और भ्रमण के बाद उसी माध्यम से लौट सकेंगे। इससे न केवल पर्यटन बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

पर्यटकों को होगा फायदा

इस सेवा से देशी और विदेशी पर्यटकों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी हवाई यात्रा की सुविधा मिलेगी। ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी होने के साथ-साथ ओरछा अब बॉलीवुड के लिए भी पसंदीदा लोकेशन बन रही है। फिल्मों की शूटिंग के लिए आने वाले निर्माता-निर्देशकों और कलाकारों को अब आवागमन में आसानी होगी। माना जा रहा है कि हेलीकॉप्टर सेवा ओरछा को पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत पहचान दिलाएगी।


संबंधित समाचार