होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

ज्वार के बीच छिपाकर उगाई जा रही थी अफीम: भाजपा नेता की जमीन से डेढ़ एकड़ की फसल जब्त , पार्टी से निष्कासित

ज्वार के बीच छिपाकर उगाई जा रही थी अफीम: भाजपा नेता की जमीन से डेढ़ एकड़ की फसल जब्त , पार्टी से निष्कासित

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अफीम की अवैध खेती का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने समोदा गांव के एक खेत में दबिश देकर करीब डेढ़ एकड़ में उगाई गई अफीम की फसल बरामद की है। बताया जा रहा है कि खेत चारों तरफ से ज्वार की फसल से घिरा हुआ था और बीच में अफीम की खेती की गई थी, ताकि किसी को इसकी भनक न लगे।

इस मामले में जमीन भाजपा नेता विनायक ताम्रकार की बताई जा रही है। मामला सामने आने के बाद भाजपा ने कार्रवाई करते हुए विनायक ताम्रकार को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

भाजपा नेता की जमीन बताई जा रही

जानकारी के मुताबिक आरोपी विनायक ताम्रकार भाजपा के किसान प्रकोष्ठ में प्रदेश संयोजक राइस मिल प्रसंस्करण प्रकल्प के पद पर कार्यरत था। अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद पार्टी ने उसे तत्काल प्रभाव से संगठन से बाहर कर दिया है। इस घटना के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम समोदा के एक खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही जेवरा सिरसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और खेत की जांच की। जांच के दौरान पुष्टि हुई कि खेत में अफीम की फसल उगाई गई है।

बताया जा रहा है कि अफीम की खेती को छिपाने के लिए पहले खेत के चारों ओर ज्वार बोया गया था और उसके बीच में अफीम के पौधे लगाए गए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खेत मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मजदूर मध्यप्रदेश के बताए जा रहे

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस खेत में काम करने वाले मजदूर मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस उनसे भी पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध खेती में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

प्रशासन की मौजूदगी में की गई कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर तहसीलदार और आरआई को भी बुलाया। उनकी मौजूदगी में पूरे खेत का निरीक्षण किया गया और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई। ग्रामीणों का कहना है कि यह खेती पूरी तरह योजनाबद्ध तरीके से की जा रही थी। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके से बड़ी संख्या में लोग खेत के पास पहुंच गए।

कांग्रेस नेताओं के पहुंचने पर हुआ हंगामा

इस मामले के सामने आने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शनिवार सुबह बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ समोदा गांव पहुंच गए। वे उस खेत तक जाना चाहते थे जहां अफीम की खेती पकड़ी गई थी।

हालांकि पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए उन्हें आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की, जिससे वहां कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बन गई।

पुलिस कर रही जांच

एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि समोदा गांव में अफीम की खेती की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दुर्ग जिले में इस तरह की अवैध अफीम खेती का यह पहला मामला सामने आया है, इसलिए जांच को गंभीरता से किया जा रहा है।

 


संबंधित समाचार