जबलपुर : मध्य प्रदेश में बीते कुछ दिन से लगातार हो रही बारिश के चलते नदी नाले जहां उफान पर है। तो वही आज बरगी बांध का जलस्तर बढ़ने के बाद डैम के 9 गेट्स को खोला गया। जिसमे से 36,409 क्यूसेक पानी नर्मदा में छोड़ा गया।
सुबह 11 बजे के आस पास खोले गए गेट्स
मंगलवार सुबह 11 बजे के आस पास गेटों को औसतन 0.78 मीटर की ऊंचाई तक खोला गया और पानी को छोड़ा गया। जिससे नर्मदा नदी के घाटों और तटीय क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने के चलते प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।
कैचमेंट एरिया में लगातार हो रही बारिश
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के मुताबिक, कैचमेंट एरिया में बहुत अच्छी बारिश होने के चलते 9 गेट्स को खोला गया और पानी को छोड़ा गया। बांध से पानी छोड़े जाने के कारण निचले क्षेत्रों में नर्मदा के घाटों पर जलस्तर करीब 3 से 4 फीट तक बढ़ने की पूरी संभावना है.
लोगों से की सावधान रहने की अपील
ऐसे में प्रशासन ने जबलपुर से नर्मदापुरम तक नर्मदा किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बरगी बांध के कैचमेंट क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश को जलस्तर बढ़ने की प्रमुख वजह बताया गया है। अधिकारियों द्वारा बांध और नदी के जलस्तर की निगरानी की जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि वे नदी और घाटों के आसपास जाने से बचें और प्रशासन की चेतावनियों का पालन करें।