भोपाल : राजधानी भोपाल के बजरिया थाना क्षेत्र में सोमवार को हुई शराब पार्टी के बाद 5 दोस्तों में विवाद इतना बढ़ा कि 24 वर्षीया युवक की जान चली गई। बताया जा रहा है कि युवक अपने पड़ोसी और दोस्तों के साथ देर शाम शराब पी रहा था। तभी गाली-गलौज को लेकर दोस्तों में नाराजगी बढ़ी और सभी ने दीपक की पिटाई कर दी। जिसकी वजह से उसकी उसकी मौत हो गई।
100 रुपये लेकर घर से निकला था दीपक
जानकारी के अनुसार, मृतक दीपक मीणा जो की पेशे से पेंटर था। वो सोमवार शाम करीब 100 रुपये लेकर घर से दोस्तों के साथ शराब पीने के लिए निकला था। इसी बीच वह विजयनगर शराब दुकान के पास एक गली में पड़ोसी सनी रैकवार, सिद्धार्थ और सगे भाई रवि शाक्य व लखन शाक्य के पास पहुंचा और पार्टी करने लगा। तभी नशे में गाली-गलौज को लेकर विवाद शुरू हो गया और सभी दोस्तों ने दीपक की बेरहमी से पिटाई कर दी।
गाली-गलौज के बाद बढ़ा विवाद
मारपीट के दौरान दीपक पीछे की ओर पत्थर पर गिर गया। जिससे उसके सिर के पिछले हिस्से, कान के पास और पसलियों पर चोट लग गई। घायल को अस्पताल ले जाने को छोड़ सभी दोस्त वहां से चले गए, ऐसे में जब परिजनों को युवक के घायल होने की जानकारी लगी तो वो मौके पर पहुंचे और दीपक को घर लेकर आ गए। सुबह जब दीपक की तबियत खराब हुई तो परिजन उसे अस्पताल लेकर गए। जहां उसकी मौत हो गई।
चारों आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
इधर, मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या का मामला दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को पहले ही हिरासत में लेकर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया जा रहा था, लेकिन घायल की मौत हो जाने पर अब हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।