Morning Breaking: छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार जल्द ही नई CM हेल्पलाइन सेवा शुरू करने जा रही है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री समाधान योजना के तहत बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिल रही है। वहीं ई-कॉमर्स कंपनियों द्वारा ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में आज प्रदेशभर में दवा दुकानें बंद रहेंगी। राजधानी रायपुर में अवैध खनन के खिलाफ भी प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।
जल्द शुरू होगी CM हेल्पलाइन सेवा
प्रदेश सरकार आम जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जल्द ही CM हेल्पलाइन सेवा शुरू करने जा रही है। प्रशासन ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। जानकारी के अनुसार टोलफ्री नंबर 1076 जल्द जारी किया जाएगा, जिसके जरिए लोग अपनी शिकायत सीधे दर्ज करा सकेंगे। सरकार का दावा है कि हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का निपटारा एक सप्ताह के भीतर किया जाएगा। इससे आम लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और शिकायतों की मॉनिटरिंग भी बेहतर तरीके से हो सकेगी।
मुख्यमंत्री समाधान योजना से उपभोक्ताओं को राहत
मुख्यमंत्री समाधान योजना के तहत बिजली उपभोक्ताओं को बकाया बिलों और सरचार्ज में राहत मिल रही है। रायपुर में कई संस्थाओं को इसका फायदा मिला है। जानकारी के मुताबिक आईएएस एसोसिएशन को करीब 46 लाख रुपए का लाभ मिला है। 65 लाख रुपए के बिजली बिल का सेटलमेंट केवल 19 लाख रुपए में किया गया। वहीं कांग्रेस भवन को भी योजना के तहत राहत मिली, जहां 8 लाख 48 हजार रुपए के बिल पर 16 हजार रुपए का सरचार्ज माफ किया गया। सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत देना और लंबित बिजली बकाया मामलों का समाधान करना है।
आज बंद रहेंगी मेडिकल दुकानें
ई-कॉमर्स कंपनियों द्वारा ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में आज छत्तीसगढ़भर में दवा दुकानें बंद रहेंगी। छत्तीसगढ़ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने बंद का आह्वान किया है। इस बंद को चेंबर ऑफ कॉमर्स, कैट और कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ का भी समर्थन मिला है। बंद के दौरान रिटेल और होलसेल दोनों तरह की दवा दुकानें बंद रहेंगी। व्यापारियों का कहना है कि ऑनलाइन दवा बिक्री से स्थानीय मेडिकल व्यवसाय प्रभावित हो रहा है और बिना पर्याप्त निगरानी के दवाइयों की बिक्री मरीजों के लिए भी जोखिम पैदा कर सकती है।
रायपुर में अवैध खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
राजधानी रायपुर में प्रशासन ने अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। गोबर नवापारा इलाके में दो चेन माउंटेन पोकलेन मशीनों को जब्त किया गया है। इसके अलावा अवैध खनिज भंडारण के मामलों में भी कार्रवाई की गई है। बताया जा रहा है कि बारिश से पहले खनन माफिया नदी क्षेत्रों में मनमाने तरीके से खुदाई कर रहे थे, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई थी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध खनन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।