होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Bhairunda News: भैरूंदा में अन्नदाता परेशान! किसानों का दर्द सुनने पहुंचे विक्रम मस्ताल

Bhairunda News: भैरूंदा में अन्नदाता परेशान! किसानों का दर्द सुनने पहुंचे विक्रम मस्ताल

मुकेश प्रजापति, भैरूंदा (सीहोर): मध्य प्रदेश में गेहूं उपार्जन (खरीदी) का काम जारी है, लेकिन सीहोर जिले के भैरूंदा क्षेत्र से किसानों की भारी पेरशानी और उपार्जन केंद्रों की अव्यवस्थाओं की लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। किसानों को आ रही इन गंभीर समस्याओं को लेकर कांग्रेस नेता विक्रम मस्ताल 'हनुमान' ने मैदानी मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने क्षेत्र के अकाउलिया वेयरहाउस सहित कई अन्य केंद्रों का औचक दौरा कर ग्राउंड जीरो पर किसानों की सुध ली।

घंटों इंतजार और स्लॉट की गड़बड़ी

दौरे के दौरान विक्रम मस्ताल ने उपार्जन केंद्रों पर अपनी बारी का इंतजार कर रहे अन्नदाताओं और स्थानीय ग्रामीणों से सीधी बात की। किसानों ने अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए केंद्रों पर व्याप्त कई गंभीर अव्यवस्थाओं को उजागर किया। केंद्रों पर पहुंचे किसानों के गेहूं की तुलाई समय पर नहीं हो रही है, जिससे उन्हें ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ घंटों और दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। डिजिटल स्लॉट बुकिंग और मैसेज आने के बावजूद केंद्रों पर पहुंचने पर किसानों को परेशान होना पड़ रहा है। बार-बार तुलाई का काम रुक जाने से किसानों का समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहा है। बुनियादी सुविधाओं (जैसे पानी, छाया) की कमी भी बड़ी समस्या बनी हुई है।

विक्रम मस्ताल का फूटा गुस्सा

किसानों की बदहाली को देखकर कांग्रेस नेता विक्रम मस्ताल 'हनुमान' का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने मौके से ही संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से फोन पर चर्चा की और व्यवस्थाओं को तुरंत दुरुस्त करने की मांग की। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि जो अन्नदाता दिन-रात पसीना बहाकर देश और प्रदेश का पेट भरता है, आज वही किसान अपनी ही फसल को बेचने के लिए मंडियों और वेयरहाउसों के चक्कर काट रहा है, परेशान हो रहा है और अपमानित महसूस कर रहा है। स्लॉट की अव्यवस्था के कारण किसानों को भारी आर्थिक और मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। कांग्रेस पार्टी इसे बर्दाश्त नहीं करेगी और प्रशासन तत्काल प्रभाव से तुलाई व्यवस्था को सुचारू बनाए।

कई दिग्गज कांग्रेस नेता रहे मौजूद

किसानों की आवाज बुलंद करने और इस जमीनी दौरे के दौरान विक्रम मस्ताल के साथ कांग्रेस संगठन और युवा कांग्रेस के कई प्रमुख पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें मुख्य रूप से जिला युवा कांग्रेस के सह-प्रभारी ब्रजपाल राजावत, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, बुधनी विधानसभा अध्यक्ष कपिल चौहान, वरिष्ठ नेता किशोर सोलंकी, सोनू मुकाती और बसंत मालवीय समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान मौजूद थे। कांग्रेस नेतृत्व ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि किसानों की समस्याओं का 24 घंटे के भीतर स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो पार्टी किसानों के हक और सम्मान के लिए उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।


संबंधित समाचार