सतना :: सतना जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र अंतर्गत हर्ष नगर करही में मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। यहां गेहूं से लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की आमने-सामने हुई भिड़ंत के चलते तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इधर, हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
रीवा नेशनल हाईवे पर हुआ दर्दनाक हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामपुर बाघेलान क्षेत्र के बैरिहा गांव के रहने वाले 40 वर्षीय उमेश सिंह अपनी पत्नी राजकली सिंह (38 वर्ष) के साथ बाइक पर सवार होकर किसी काम से जा रहे थे। जैसे ही उनकी मोटरसाइकिल हर्ष नगर करही के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भिड़ंत इतनी भयावह थी कि बाइक सवार दंपति ने सड़क पर गिरते ही तड़पकर मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि घायल संदीप कोल को तुरंत अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके पर अफरा तफरी मच गई
इधर, हादसे की वजह से मौके पर अफरा तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया। जिसे पुलिस ने कड़ी मशकत के बाद खुलवाया। इस दर्दनाक घटना की खबर से बैरिहा गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। वही पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।