बालाघाट : मध्य प्रदेश के बालाघाट में उस वक़्त हड़कप मच गया जब चलती एम्बुलेंस अचानक आग का गोला बन गई और देखते ही देखते चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चालक मरीज को छोड़कर वापस लौट रहा था। इस दौरान गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई और उसमे आग लग गई। जिसकी चपेट में आने से युवक की मौत हो गई।
खर्रा गांव के पास वैन पलटी
पुलिस ने मृतक चालक की पहचान माइकल अन्ना पिता अंतुनी उम्र 56 वर्ष निवासी कौसल्या नगर नागपुर के रूप में की है। जो प्राइवेट एंबुलेंस चलाने का काम करता था। बताया जा रहा है कि ड्राइवर मरीज को छोड़कर मण्डला की ओर जा रहा था। तभी खर्रा गांव के पास वैन पलट गई और चालक की जिंदा जलाकर मौत हो गई।
सुबह 4 से 5 बजे के बीच हुआ हादसा
घटना बालाघाट जिले के परसवाड़ा थाना अंतर्गत ग्राम खर्रा के पास तड़के सुबह 4 से 5 बजे के बीच की है। हालांकि ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन आग इतनी ज्यादा बढ़ चुकी थी कि युवक को बाहर निकालने का मौका नहीं मिला और उसकी मौत हो गई।
नींद के झोंके के चलते हुआ हादसा
कयास ये भी लगाए जा रहे हैं कि सम्भवतः नींद के झोंके के चलते यह हादसा घटित हुआ होगा। फ़िलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।