महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में डीजे डांस प्रतियोगिता के दौरान दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते विवाद ने खूनी रूप ले लिया और चाकूबाजी की घटना में 22 वर्षीय युवक की जान चली गई। इस हमले में तीन अन्य युवक भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
डीजे डांस देखने पहुंचे युवकों के बीच हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, पूरा मामला महासमुंद जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोल्दा का है। मृतक की पहचान डेनिल दीवान (22 वर्ष), निवासी ग्राम कोमा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि डेनिल अपने कुछ दोस्तों के साथ गांव में आयोजित डीजे डांस प्रतियोगिता देखने पहुंचा था।
इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शुरुआती विवाद देखते ही देखते बढ़ गया और नौबत मारपीट तक पहुंच गई। इसी बीच एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के युवकों पर चाकू से हमला कर दिया।
चाकूबाजी में डेनिल की मौत, तीन युवक अस्पताल में भर्ती
हमले के दौरान डेनिल दीवान को गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इस घटना में मनीष, मन्नू और सोमनाथ दीवान भी घायल हुए हैं। तीनों को तत्काल उपचार के लिए महासमुंद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, हिरासत में संदिग्ध
घटना की सूचना मिलते ही खल्लारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। फिलहाल विवाद की वास्तविक वजह और चाकूबाजी में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी हुई है।