छतरपुर : मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कमला कॉलोनी में एक युवती ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। युवती किराए के मकान में रह कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। जिसने अज्ञात कारणों के चलते अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
मकान मालिक ने दी पुलिस को जानकारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार गौरिहार क्षेत्र के ग्राम कितपुरा निवासी संजना पुत्री राजेश राजपूत (22 वर्ष) छतरपुर की कमला कॉलोनी में किराए के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। जिसका शव रविवार सुबह घर में फंदे पर लटका मिला। जिसकी जानकारी मकान मालिक ने पुलिस को दी।
आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका
इधर, घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची सिविल लाइन थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू की। फिलहाल घटना स्थल पर किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है। इस वजह से आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। फ़िलहाल पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की कार्रवाई जारी है।