दतिया। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर दतिया में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। झांसी बायपास रोड स्थित अनुसूचित जाति सीनियर कन्या छात्रावास में हुए इस आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में सेवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल और भाजपा जिला अध्यक्ष माधवेन्द्र सिंह परिहार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं नागरिक मौजूद रहे।
जनजातीय गौरव दिवस पर दतिया में दिखी संस्कृति की झलक
कार्यक्रम के दौरान जनजातीय समाज के लोगों ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से मिले लाभ और जीवन में आए बदलावों के अनुभव साझा किए। इसके साथ ही जनजातीय समाज के विकास और उत्थान पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई। स्कूली विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जनजातीय परंपराओं और संस्कृति को प्रस्तुत किया।
जनजातीय समाज ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा की
विधायक प्रदीप अग्रवाल ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और उनके बलिदान को याद करते हुए कहा कि जनजातीय समाज ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष माधवेन्द्र सिंह परिहार ने जनजातीय समुदाय को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए संचालित प्रयासों का उल्लेख किया।
दतिया में मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान
समारोह में कक्षा 10वीं और 12वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा आहार अनुदान और टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को भी सम्मान प्रदान किया गया।