जशपुर। फरसाबहार विकासखंड के शिक्षा विभाग में शिक्षकों की शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। मामले में विभाग से जुड़े तीन अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) दुर्गेश देवांगन और सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी (ABEO) रविंद्र साय पैंकरा को उनके वर्तमान कार्यालय से हटाकर दूसरे कार्यालयों में अटैच किया गया है। वहीं, बीआरसी देवेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया गया है।
BEO और ABEO को किया गया अटैच
प्रशासन की ओर से की गई कार्रवाई के तहत फरसाबहार के BEO दुर्गेश देवांगन को जिला पंचायत कार्यालय में अटैच किया गया है। वहीं, ABEO रविंद्र साय पैंकरा को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से संबद्ध किया गया है। दोनों अधिकारियों को उनके मूल कार्यस्थल से हटाने के बाद अलग-अलग कार्यालयों में जिम्मेदारी दी गई है।
BRC देवेंद्र सिंह निलंबित
इसी कार्रवाई के तहत फरसाबहार में पदस्थ बीआरसी देवेंद्र सिंह के खिलाफ निलंबन आदेश जारी किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, पत्थलगांव में संबद्ध किया गया है।
शिक्षकों ने लगाए थे गंभीर आरोप
जानकारी के अनुसार, फरसाबहार विकासखंड के शिक्षकों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जिला प्रशासन से शिकायत की थी। शिकायतों में आर्थिक शोषण, मानसिक प्रताड़ना, पद के कथित दुरुपयोग और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने मामले में कार्रवाई की। जिला कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर तीनों अधिकारियों के खिलाफ अलग-अलग स्तर पर कार्रवाई की गई है।
एक ही कार्यालय के तीन अधिकारियों पर कार्रवाई से मचा हड़कंप
फरसाबहार के शिक्षा विभाग से जुड़े एक ही कार्यालय के तीन अधिकारियों पर कार्रवाई के बाद विभाग में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई को शिक्षकों की शिकायतों के प्रति गंभीरता से उठाए गए कदम के तौर पर देखा जा रहा है। फिलहाल कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारियों और आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं।