कोरबा। कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे-130 पर गुरसियां के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब पेट्रोल और डीजल से लदे एक टैंकर में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा टैंकर लपटों से घिर गया। टैंकर में करीब 2 हजार लीटर पेट्रोल और 8 हजार लीटर डीजल होने की जानकारी सामने आई है। ज्वलनशील पदार्थ से भरे वाहन में आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
खाना खाने के बाद टैंकर स्टार्ट करते ही भड़की आग
जानकारी के अनुसार, टैंकर कोरबा से पेट्रोल लेकर वार्डफनगर की दिशा में जा रहा था। गुरसियां के पास चालक ने वाहन सड़क किनारे रोककर खाना खाया। खाना खाने के बाद जैसे ही टैंकर को दोबारा स्टार्ट किया गया, पार्किंग के पास अचानक आग लग गई। आग देखते ही टैंकर में मौजूद चालक और कंडक्टर ने तत्काल वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने टैंकर को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया।
पुलिस और यातायात टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस के साथ यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आग की वजह से नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए लोगों और वाहनों को घटनास्थल से दूर रखने की कोशिश शुरू की।
पेट्रोल-डीजल की वजह से बढ़ा खतरा
टैंकर में बड़ी मात्रा में पेट्रोल और डीजल भरा होने के कारण आग के बाद आसपास के क्षेत्र में खतरा बढ़ गया। संभावित विस्फोट की आशंका को देखते हुए एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है और आग पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना के कारण हाईवे पर यातायात को सामान्य करने के लिए भी प्रयास जारी हैं।