भोपाल : मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के 30वें चीफ जस्टिस के पद पर जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे ने पदभार ग्रहण कर लिया है। गुरुवार को भोपाल स्थित लोकभवन में राज्यपाल मंगू भाई पटेल उन्हें पद की शपथ दिलवाई। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल और अन्य अधिकारी- कर्मचारी मौजूद रहे।
शुक्रवार से कोगजे संभालेंगे अपना पद
इसके साथ ही राज्यपाल पटेल ने मुख्य न्यायाधीश को पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। इस अवसर पर न्यायमूर्ति कोगजे की पत्नी भी उनके साथ मौजूद रही। कल से जस्टिस कोगजे जबलपुर में हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के तौर पर कार्यभार संभालेंगे।
तीन महीने बाद मिला न्यायाधीश
बता दें कि मध्य प्रदेश हाईकोर्ट को करीब तीन महीने बाद स्थायी मुख्य न्यायाधीश मिला। इससे पहले जस्टिस विवेक रसिया कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
गुजरात में वकालत से शुरू किया कानूनी सफर
जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे का जन्म 16 जुलाई 1969 को हुआ था। उन्होंने 1990 में केमिस्ट्री में बीएससी और 1993 में एलएलबी की डिग्री हासिल की। उसी वर्ष उन्होंने गुजरात में वकालत शुरू की और करीब 33 साल के कानूनी सफर के बाद इस महत्वपूर्ण पद तक पहुंचे।
वे 6 अप्रैल 2016 को गुजरात हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश बने और 15 मार्च 2018 को स्थायी न्यायाधीश बनाए गए। सितंबर 2026 में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बनने तक वे गुजरात हाईकोर्ट में ही काम कर रहे थे।