रायपुर। INH-हरिभूमि की बहुचर्चित 'जिला संवाद' श्रृंखला अब रायपुर पहुंच रही है। इस विशेष कार्यक्रम में रायपुर जिले के विकास, जन अपेक्षाओं, वर्तमान चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर व्यापक चर्चा होगी। कार्यक्रम का संचालन INH-हरिभूमि के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी करेंगे, जो विभिन्न जनप्रतिनिधियों और प्रमुख हस्तियों से सीधे सवाल-जवाब के माध्यम से जिले से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
रायपुर जिले के प्रमुख जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
जिला संवाद कार्यक्रम में रायपुर जिले से जुड़े कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और राजनीतिक हस्तियां शामिल होंगी। इनमें वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत, शिव कुमार डहरिया, कुलदीप जुनेजा, विकास उपाध्याय, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा इसके अलावा प्रशासनिक क्षेत्र से रायपुर कलेक्टर गौरव कुमार सिंह, पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, NRDA CEO चंदन कुमार के अलावा जिले के अन्य जनप्रतिनिधि और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग भाग लेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी अपनी बात रखेंगे।
डॉ. हिमांशु द्विवेदी पूछेंगे जनता से जुड़े सवाल
कार्यक्रम में प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी जिले के विकास, अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, शहरी विस्तार और आम जनता की अपेक्षाओं से जुड़े सवाल जनप्रतिनिधियों के सामने रखेंगे। चर्चा का उद्देश्य रायपुर जिले की वर्तमान स्थिति का आकलन करने के साथ भविष्य की विकास योजनाओं पर खुलकर संवाद करना है।
रायपुर और नया रायपुर के विकास पर होगी विशेष चर्चा
जिला संवाद में राजधानी रायपुर और नया रायपुर के विकास मॉडल, शहरी विस्तार, नागरिक सुविधाओं, निवेश, रोजगार और भविष्य की योजनाओं पर विशेष मंथन होगा। साथ ही यह भी चर्चा होगी कि बीते वर्षों में जनता की कितनी अपेक्षाएं पूरी हुईं और आने वाले समय में रायपुर को किस दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा।
33 जिलों की संवाद श्रृंखला का अहम पड़ाव
INH-हरिभूमि की जिला संवाद श्रृंखला के तहत प्रदेश के सभी जिलों में संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रायपुर का यह आयोजन इस अभियान का महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है। इस संवाद के माध्यम से जनप्रतिनिधियों और जनता के बीच सीधे संवाद की पहल की जा रही है, ताकि विकास से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा हो सके।