कोरबा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की पहल पर कोरबा जिले में 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' का जिला स्तरीय शुभारंभ 2 अगस्त को किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं से संवाद करेंगे और उन्हें नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश देंगे।
ईवीपीजी कॉलेज बनेगा जिला स्तरीय आयोजन का केंद्र
कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम माय भारत युवा कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय ईवीपीजी कॉलेज, कोरबा में आयोजित किया जाएगा। जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह के अनुसार कार्यक्रम सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक चलेगा, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा भाग लेंगे।
पीएम मोदी का लाइव संदेश सुनेंगे हजारों युवा
अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के करीब 10 हजार स्थानों से जुड़े युवाओं को ऑनलाइन संबोधित करेंगे। कोरबा में भी प्रतिभागी इस लाइव प्रसारण से जुड़ेंगे और 'नशामुक्त युवा-नशामुक्त भारत' का सामूहिक संकल्प लेंगे।
स्कूल-कॉलेजों में चलेगा विशेष जनजागरूकता अभियान
जिला प्रशासन के अनुसार अभियान केवल उद्घाटन कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा। इसके तहत जिले के सभी सरकारी और निजी कॉलेजों, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल, उच्च शिक्षण संस्थानों, शासकीय विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों और औद्योगिक इकाइयों में लगातार जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। युवाओं और नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त भारत की शपथ भी दिलाई जाएगी।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रहेगी मौजूदगी
जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों, शिक्षकों तथा शहर के स्कूलों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सहभागिता रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है।