होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

अस्पताल के वार्ड में बुजुर्ग मरीज को थप्पड़ मारने का आरोप, SP ने ASI को किया लाइन अटैच

अस्पताल के वार्ड में बुजुर्ग मरीज को थप्पड़ मारने का आरोप, SP ने ASI को किया लाइन अटैच

बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र से पुलिस के कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी में भर्ती एक 55 वर्षीय मरीज ने ड्यूटी पर तैनात सहायक उपनिरीक्षक (ASI) पर मारपीट और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने संबंधित ASI को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

देर रात अस्पताल में हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, आरंग ब्लॉक की ग्राम पंचायत धनभट्टी निवासी एवं आरंग सरपंच संघ के अध्यक्ष हेमन बर्मन पिछले दो दिनों से बिच्छू के डंक के उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी में भर्ती थे। बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात करीब 12 बजे पलारी थाना में पदस्थ ASI प्रभात साहू अस्पताल पहुंचे। उस समय जनरल वार्ड की लाइट बंद थी। ASI ने मौजूद मरीजों से लाइट बंद करने के संबंध में पूछताछ की। इस दौरान हेमन बर्मन ने कहा कि रात होने के कारण किसी मरीज या अस्पताल कर्मी ने लाइट बंद की होगी और उन्होंने स्वयं ऐसा नहीं किया है।

मरीज से मारपीट का आरोप

पीड़ित का आरोप है कि उनके जवाब से ASI नाराज हो गए और उन्होंने वार्ड में ही उन्हें बिस्तर से उठाकर दो-तीन थप्पड़ मारे तथा अभद्र भाषा का प्रयोग किया। मरीज का कहना है कि उन्होंने अन्य लोगों से पूछताछ करने की बात कही, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई।

CCTV फुटेज के आधार पर जांच

पीड़ित पक्ष का दावा है कि पूरी घटना अस्पताल में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी परिजनों और सरपंच संघ के पदाधिकारियों को दी गई, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने ASI प्रभात साहू को तत्काल लाइन अटैच कर दिया है। पुलिस प्रशासन के अनुसार पूरे मामले की विभागीय जांच कराई जा रही है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ नियमानुसार निलंबन सहित आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर भर्ती मरीज के साथ कथित दुर्व्यवहार की घटना ने स्थानीय लोगों में नाराजगी पैदा कर दी है। लोगों का कहना है कि अस्पताल इलाज और सुरक्षा का स्थान होता है, ऐसे में यदि मरीज के साथ अभद्र व्यवहार होता है तो इससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। स्थानीय नागरिकों ने निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


संबंधित समाचार