होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

CG Budget 2026: वित्तमंत्री ओपी चौधरी आज पेश करेंगे बजट, किसानों, युवाओं और विकास पर होगा फोकस...

CG Budget 2026: वित्तमंत्री ओपी चौधरी आज पेश करेंगे बजट, किसानों, युवाओं और विकास पर होगा फोकस...

रायपुर। छत्तीसगढ़ की आर्थिक दिशा तय करने वाला बहुप्रतीक्षित छत्तीसगढ़ बजट 2026-27 आज पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री ओपी चौधरी दोपहर 12:30 बजे नया रायपुर अटल नगर विधानसभा भवन में पूर्ण बजट भाषण देंगे। यह पहला मौका होगा जब नए विधानसभा भवन में विस्तृत वार्षिक आय-व्ययक प्रस्तुत किया जाएगा। राज्य के किसान, युवा, कर्मचारी, उद्योग जगत और सामाजिक योजनाओं से जुड़े हितधारकों की निगाहें इस बजट पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि सरकार “सुशासन से समृद्धि” की थीम के साथ विकास और कल्याण का संतुलित खाका पेश कर सकती है।

क्या हैं इस बजट से बड़ी उम्मीदें?

1. किसानों के लिए राहत और प्रोत्साहन
छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था का बड़ा आधार कृषि है। ऐसे में समर्थन मूल्य, बोनस, सिंचाई परियोजनाएं, कृषि यंत्रीकरण और फसल बीमा जैसी योजनाओं में नए प्रावधान संभव हैं। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने पर विशेष जोर रह सकता है।
2. युवाओं के लिए रोजगार और स्किल डेवलपमेंट
सरकार रोजगार सृजन, स्टार्टअप प्रोत्साहन, कौशल विकास कार्यक्रम और नई औद्योगिक नीति से जुड़े ऐलान कर सकती है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और तकनीकी शिक्षा से जुड़े छात्रों के लिए भी योजनाएं आ सकती हैं।
3. अधोसंरचना पर बड़ा निवेश
सड़क, पुल, बिजली, पेयजल और शहरी विकास परियोजनाओं के लिए बड़े बजटीय प्रावधान की संभावना है। औद्योगिक निवेश आकर्षित करने के लिए लॉजिस्टिक और कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा सकता है।
4. स्वास्थ्य और शिक्षा को प्राथमिकता
सरकारी अस्पतालों के उन्नयन, नई स्वास्थ्य योजनाओं और मेडिकल कॉलेजों के विस्तार पर घोषणा संभव है। शिक्षा क्षेत्र में स्कूलों के आधुनिकीकरण, डिजिटल लर्निंग और उच्च शिक्षा संस्थानों के विकास पर भी फोकस रह सकता है।

बजट सत्र का कार्यक्रम:

छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से 20 मार्च तक चलेगा। 26-27 फरवरी: बजट पर सामान्य चर्चा होगी, 9 से 17 मार्च विभागवार अनुदान मांगों पर विचार किया जाएगा। 17 मार्च को विनियोग विधेयक पुनर्स्थापन और 18 मार्च को चर्चा कर पारित होगा। सत्र की शुरुआत राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण से हुई थी। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बजट को राज्य की समृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने इसे विकसित छत्तीसगढ़ के विजन से जोड़ा है और नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 संकल्प का उल्लेख किया।

संभावित प्रमुख घोषणाएं (संकेत)

किसानों के लिए नई प्रोत्साहन योजना
युवाओं के लिए रोजगार पैकेज
महिला एवं आदिवासी कल्याण योजनाओं का विस्तार
औद्योगिक निवेश को बढ़ावा
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में वृद्धि

क्यों खास है यह बजट?

नए विधानसभा भवन में पहला पूर्ण बजट, नई थीम और प्रस्तुति प्रारूप, विकास और सामाजिक संतुलन पर फोकस, विपक्ष की पैनी नजर आय-व्यय के आंकड़ों पर रहेगी। छत्तीसगढ़ बजट 2026 राज्य की आर्थिक प्राथमिकताओं और आने वाले वर्षों की विकास रणनीति तय करेगा। अब देखना होगा कि सरकार किस वर्ग को कितना लाभ देती है और प्रदेश की विकास यात्रा को किस दिशा में आगे बढ़ाती है।
 

बजट पर सीएम साय का पोस्ट:

वहीं सीएम विष्णुदेव साय ने छग के बजट पर पोस्ट किया है, सीएम का पोस्ट बजट पेश होने से पहले सामने आया हैं, X पोस्ट में उन्होंने  छग के बजट को मिल का पत्थर बताया है. इसके साथ ही पीएम मोदी को धन्यवाद ज्ञापित कर लिखा कि, सुशासन से समृद्धि की ओर, विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला का बजट हैं।

विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में कार्यकर:

सीएम ने आगे कहा, आज हमारी सरकार का तीसरा बजट नवीन विधानसभा में प्रस्तुत होने जा रहा है। यह बजट हमारी सरकार के समावेशी विकास के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को केंद्रित करते हुए हमारी सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। किसानों, गरीबों, युवाओं, मातृशक्ति और आदिवासी समाज के सशक्तीकरण को हमने प्राथमिकता दी है। हमारा पूरा विश्वास है इस बजट से हमारे ‘सुशासन से समृद्धि’ के मॉडल को एक मजबूत आधार मिलेगा।  निस्संदेह वित्त वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तुत होने वाला आज का बजट प्रदेश के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। हमारी सरकार ‘विकसित छत्तीसगढ़’ बनाने के अपने संकल्प पर दृढ़ है। आज के बजट से हमारे संकल्प को और बल मिलेगा। हमारा छत्तीसगढ़ आत्मनिर्भरता व समृद्धि के नए दौर में प्रवेश करेगा।


संबंधित समाचार