इंदौर : सावन माह में कांवड़ यात्रियों और शिवभक्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने इंदौर -खंडवा रोड पर भारी वाहनों की एंट्री पर रोक लगा दी है। यह आदेश 30 जुलाई से 28 अगस्त तक लागू रहेगा। साथ ही कुछ रुट्स को भी डाइवर्ट किया गया है। ताकि लोगों को आने जाने में किसी तरह की दिक्कत न हो।
सुरक्षा के चलते लिया गया फैसला
दरअसल, सावन में लाखों कांवड़ यात्री महादेव के दर्शन के लिए देशभर से पैदल आते है। ऐसे में कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए इंदौर जिला प्रशासन ने यह फैसला लिया है।
30 जुलाई से 28 अगस्त तक भारी वाहनों के प्रवेश बंद
जारी आदेश के अनुसार, इंदौर से खंडवा की ओर एवं खंडवा से इंदौर की ओर आने-जाने वाले ट्रक/भार वाहक वाहनों की आवाजाही सुबह छह से रात 12 बजे तक 30 जुलाई से 28 अगस्त तक प्रतिबंधित रहेगी।
अत्यावश्यक सेवाएं प्रतिबंध से मुक्त
प्रतिबंध केवल भारी मालवाहक वाहनों पर लागू होगा। शेष हल्के वाहन जैसे कार/जीप एवं दोपहिया वाहन यथावत पूर्ववत चालू रहेंगे। यात्री बस, दूध-वाहन, एलपीजी गैस सप्लाई, पानी टैंकर, एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन आदि आवश्यक सेवाओं से संबंधित वाहन प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे।