पंकज गुप्ते // बिलासपुर : छत्तीसगढ़ की बिजली विभाग अब एक्शन में नजर आने वाली है, जिसके तहत बिलासपुर, मुंगेली और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले में करीब 80 हजार पुराने बिजली बकायादारों पर अब बिजली कंपनी सख्ती करने जा रही है। लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की कार्रवाई फिर शुरू होगी। तीनों जिलों में रोजाना करीब 500 बिजली कनेक्शन काटने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए मैदानी अमले को बकायादारों से वसूली और कनेक्शन काटने की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
बकाया राशि जमा नहीं करने वालों की काटी जाएगी बिजली कनेक्शन:
दरअसल बारिश के कारण पिछले तीन महीने से बकायादारों के कनेक्शन काटने की कार्रवाई प्रभावित थी। अब बारिश का दौर कम होने के बाद अभियान को दोबारा गति देने की तैयारी है। बिजली कंपनी का फोकस ऐसे उपभोक्ताओं पर रहेगा, जिनका लंबे समय से बिल बकाया है। बकाया राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन नियमानुसार काटे जाएंगे। कंपनी ने राजस्व वसूली बढ़ाने के साथ बिजली के लाइन लॉस को कम करने पर भी जोर दिया है। इसके लिए क्षेत्रवार बकायादारों की निगरानी कर कार्रवाई करने की तैयारी है।
कार्य में लापरवाही बरतने पर अधिकारियों पर भी होगी कार्रवाई
मैदानी अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कार्रवाई करने को कहा गया है। लक्ष्य पूरा नहीं होने या कार्रवाई में लापरवाही सामने आने पर संबंधित एई और जेई की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान के जरिए बिजली कंपनी एक तरफ पुराने बकाये की वसूली करेगी, वहीं दूसरी ओर बिजली के लाइन लॉस को कम करने की कोशिश करेगी। तीनों जिलों में रोजाना 500 कनेक्शन काटने का लक्ष्य होने से आने वाले दिनों में बकायादार उपभोक्ताओं पर कार्रवाई तेज होने की संभावना है। बिजली बकायादारों के बिजली काटने की कार्रवाई का स्थानीयों ने उचित बताया। वही जो बकायादार है उनके बीच इस कार्रवाई को लेकर हड़कंप मचा हुआ है।