रायसेन : मध्य प्रदेश के रायसेन में एक बार फिर खेल प्रतिभाओं को अपना हुनर दिखाने का मौका मिलने जा रहा है। पिछले साल की सफलता के बाद इस वर्ष भी सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जहां क्रिकेट, कबड्डी, वॉलीबॉल और फुटबॉल सहित कई खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। खिलाड़ियों और टीमों के पंजीयन की प्रक्रिया 30 नवंबर तक चलेगी। तो वही फरवरी 2027 में संसदीय स्तर पर मुकाबले होंगे।
शिवराज सिंह चौहान की पहल होगा आयोजन
केंद्रीय कृषि मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद शिवराज सिंह चौहान की पहल पर आयोजित होने वाले सांसद खेल महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंगलवार को सांची विधायक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. प्रभुराम चौधरी की मौजूदगी में आयोजन को लेकर बैठक आयोजित की गई। जहां प्रतियोगिताओं की रूपरेखा और तैयारियों पर चर्चा की गई।
क्रिकेट, कबड्डी सहित होंगे अनेक खेल
इस बार खेल महोत्सव में क्रिकेट, कबड्डी, वॉलीबॉल, फुटबॉल और खो-खो जैसे खेलों के साथ रस्साकशी, नींबू दौड़ और म्यूजिकल चेयर जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी होंगी। खिलाड़ियों और टीमों का पंजीयन 16 से 30 नवंबर तक किया जाएगा।
जानिए कब और कैसे होगा सांसद खेल महोत्सव
10 से 25 दिसंबर तक ग्राम पंचायत और नगरीय वार्ड स्तर पर प्रतियोगिताएं होंगी। इसके बाद 26 दिसंबर को मंडल स्तर, 30 और 31 जनवरी को विधानसभा स्तर तथा 1 से 15 फरवरी 2027 तक संसदीय स्तर पर मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
महिला-पुरुष और बुजुर्ग भी ले सकेंगे हिस्सा
खास बात यह है कि इस महोत्सव में महिला, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग सभी आयु वर्ग के लोग अपनी खेल प्रतिभा दिखा सकेंगे। पिछले वर्ष हजारों खिलाड़ियों ने इसमें हिस्सा लिया था। समापन समारोह में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर रवींद्र जडेजा भी शामिल हुए थे। उम्मीद है एस बार भी कोई राष्ट्रीय खिलाड़ी खेल महोत्सव के समापन अवसर पर सम्मिलित हो सकता है।