उज्जैन : मध्य प्रदेश के उज्जैन के चापाखेड़ा बालिका छात्रावास में उस समय हड़कंप मच गया, जब छात्रावास में रहने वाली 21 छात्रों की एक एक कर तबियत बिगड़ने लगी। सभी को अचानक उल्टी और जी घबराने की शिकायत होने लगी। जिसे देख छात्रावास के लोग तुरंत बालिकाओं को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां सभी को इलाज जारी है।
सुभाष चंद्र बोस बालिका छात्रावास का मामला
बताया जा रहा है कि पहले बालिकाओं का गांव में ही स्थित प्राथमिक उपचार केंद्र पर उपचार किया गया। बाद में बालिकाओं की संख्या बढ़ने पर खाचरौद के सिविल अस्पताल में बालिकाओं को भर्ती किया गया। जहां सभी की हालत ठीक बताई जा रही है।
चिरायता की फसल से उड़ने वाली धूल के कारण हुई दिक्कत
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, छात्रावास के नजदीक स्थित एक खेत में चिरायता की फसल की कटाई का काम चल रहा था। इस दौरान उड़ने वाली धूल के संपर्क में आने से छात्राओं को एलर्जी और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने लगी। धीरे-धीरे एक के बाद एक छात्राओं की तबीयत बिगड़ती चली गई। स्थिति को देखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने का निर्णय लिया गया।
प्रशासन की ओर से उचित इलाज का आश्वासन
इधर, मामले की जानकारी मिलते ही शहर के एस.डी.एम. और थाना प्रभारी अस्पताल पहुंचे और छात्राओं की हालत का जायजा लिया। छात्राओं की हालत की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन की ओर से उचित इलाज का आश्वासन दिया गया है। वहीं अधिकारियों ने इसकी जांच शुरू कर दी है। डॉक्टरों की प्रारंभिक इलाज में चिरायता से होने वाली समस्याओं के ही लक्षण सामने आए हैं।
छात्रावास में 50 से अधिक बालिका
उल्लेखनीय है कि छात्रावास में 50 बालिका अध्ययन करती हैं, सभी बालिका छठी से आठवीं तक की बताई जा रही हैं। आज की स्थिति में छात्रावास में 49 छात्रा निवास कर रही थीं, जिनमें से 21 छात्राओं की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सिविल अस्पताल लाया गया।
डस्ट से तबीयत खराब होने की सम्भावना
छात्रावास की वार्डन के अनुसार छात्रावास के पास खेत में चिरायता नाम की औषधि फसल को मशीन के द्वारा निकाला जा रहा था, जिसकी डस्ट उड़कर छात्रावास में आने से बालिकाओं को इस प्रकार की समस्या हुई है।
क्या है चिरायता की फसल?
चिरायता एक बेहद गुणकारी औषधीय का पौधा है। प्राकृतिक चिकित्सा में इसका इस्तेमाल सबसे ज्यादा किया जाता है। पारंपरिक रूप से बुखार उतारने, पाचन और भूख से जुड़ी समस्याओं के लिए इसे बेहद असरदार माना जाता है। स्वाद में ये बहुत कड़वी होती है। आयुर्वेदिक दवाइयों और हर्बल उत्पादों में इसका खूब उपयोग होता है। चिरायता की सूखी फसल की कटाई के दौरान अकसर इसकी धूल हवा में उड़ती है। जिससे सांस लेने में दिक्कत, खांसी और छींक, एलर्जी, आंखों में जलन और सिरदर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं।