रायपुर/भिलाई: छत्तीसगढ़ की राजनीति में शुक्रवार सुबह उस समय बड़ा उथल-पुथल देखने को मिला, जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भिलाई स्थित आवास पर छापेमारी की। यह कार्रवाई कथित शराब घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले की जांच के तहत की गई है। मामले में भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल के खिलाफ नए सिरे से जांच शुरू हुई है।
बिजली दरों में बढ़ोतरी पर कांग्रेस का घेराव:
बिजली दरों में हुई बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस आज राजधानी रायपुर में जोरदार प्रदर्शन करने जा रही है। इस विरोध प्रदर्शन के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्र होकर CSEB मैदान स्थित बिजली विभाग कार्यालय का घेराव करेंगे। कांग्रेस का आरोप है कि बिजली दरों में वृद्धि आम जनता पर सीधा बोझ डाल रही है, जो पूरी तरह जनविरोधी है। इस घेराव में कांग्रेस के प्रदेश, शहर, ब्लॉक, वार्ड और बूथ स्तर के कार्यकर्ता शामिल होंगे, जिससे प्रदर्शन को व्यापक समर्थन मिलने की संभावना है। पार्टी का कहना है कि जब तक बिजली दरों में वृद्धि वापस नहीं ली जाती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
विधानसभा सत्र का अंतिम दिन – विपक्ष हमलावर
छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र आज पांचवा और अंतिम दिनहै। आज के सत्र में प्रश्नकाल के दौरान मंत्री दयालदास बघेल और लक्ष्मी राजवाड़े सदस्यों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देंगे। वहीं मंत्री ओपी चौधरी, केदार कश्यप और रामविचार नेताम विभिन्न शासकीय पत्रों को पटल पर रखेंगे। सदन की कार्यवाही के दौरान कुल 109 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनमें कई महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे शामिल हैं। विधायक राजेश मूणत 'बोरे बासी' योजना में हुई अनियमितताओं का मुद्दा उठाएंगे, जबकि विधायक अजय चंद्राकर और धर्मजीत सिंह रासायनिक उर्वरकों की कमी पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा तेंदूपत्ता संग्रहण समेत अन्य विषयों को भी ध्यानाकर्षण प्रस्तावों में शामिल किया गया है। आज के सत्र में दो अशासकीय संकल्प भी लाए जाएंगे, जिन्हें विधायक अंबिका मरकाम और अजय चंद्राकर प्रस्तुत करेंगे।
मुख्यमंत्री का दिन भर का कार्यक्रम:
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आज का दिन पूरी तरह व्यस्त कार्यक्रमों से भरा रहा। वे सुबह 11:00 बजे विधानसभा के लिए रवाना हुए और मानसून सत्र के अंतिम दिन सदन की कार्यवाही में उपस्थित रहे। विधानसभा सत्र के बाद शाम 5:30 बजे वे मुख्यमंत्री निवास लौटे। इसके बाद शाम 7:00 बजे वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने महारानी अहिल्याबाई होलकर की जीवनी पर आधारित नाट्य मंचन कार्यक्रम में भाग लिया। इस सांस्कृतिक आयोजन में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय देर रात 9:00 बजे पुनः मुख्यमंत्री निवास लौटे।
सम्मान के साथ लौटे डिप्टी सीएम अरुण साव:
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, जिन्हें हाल ही में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया, आज सुबह 8:00 बजे दिल्ली से रायपुर लौटे। एयरपोर्ट पर स्वच्छता दीदियों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। डिप्टी सीएम के आगमन पर गर्व और उत्साह का माहौल देखने को मिला।