शिवपुरी : मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश लोधी को कोर्ट ने हत्या के प्रयास मामले में 41 दिन के बाद जमानत दे दी है। बता दें कि प्रीतम लोधी ने मंगलवार को कोर्ट में सरेंडर किया था, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। हालांकि सरेंडर के महज एक दिन बाद दिनेश को जमानत मिल गई।
41 दिन बाद किया आत्मसमर्पण
दरअसल, दिनेश लंबे समय से पेशियों में हाजिर नहीं हो रहे थे। इसी के चलते मंगलवार को जब दिनेश अदालत पहुंचे तो न्यायाधीश ने उन्हें फटकार लगाते हुए जेल भेज दिया था। बता दें कि दिनेश के कोर्ट में अनुपस्थित रहने के चलते 7 अक्टूबर को उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। वारंट जारी होने के 41 दिन बाद मंगलवार को उसने एडीजे कपिल सोनी की अदालत में आत्मसमर्पण किया।
दिनेश ने अदालत से माफी मांगी
हालांकि सुनवाई के दौरान दिनेश ने खुद को निर्दोष बताते हुए अदालत से माफी मांगी। उसने न्यायाधीश से कहा कि यह उसकी पहली गलती है और भविष्य में वह दोबारा ऐसा नहीं करेगा। हालांकि, लगातार पेशियों पर गैरहाजिर रहने को लेकर एडीजे कपिल सोनी ने कड़ी नाराजगी जताई।
स्कूटर को कार से टक्कर मारने का आरोप
मामला 31 दिसंबर 2023 का है। आरोप है कि दिनेश लोधी ने रविंद्र सिंह यादव के घर के बाहर खड़ी स्कूटर को अपनी कार से जानबूझकर जोरदार टक्कर मारी थी। इस घटना के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया था। इसी मामले में अदालत में सुनवाई चल रही थी, लेकिन दिनेश लगातार पेशियों पर उपस्थित नहीं हो रहा था।