धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में दिनदहाड़े एक चावल कारोबारी की हत्या से सनसनी फैल गई। कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम नारी के पास अज्ञात बदमाशों ने कारोबारी पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी गई है।
चावल लेकर गांव जा रहे थे कारोबारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कारोबारी नीरज साहू बुधवार सुबह अपने वाहन में चावल लेकर कंडेल से ग्राम नारी की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनका वाहन नारी पुल के समीप पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने उन्हें रोक लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने धारदार हथियार से उनके गले, छाती और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना से इलाके में दहशत
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस और एफएसएल टीम जुटी जांच में
घटना की सूचना मिलते ही कुरूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।