धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में कुरूद थाना क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए अंतरजिला गिरोह के आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई एक्टिवा स्कूटी, वीवो मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार बरामद कर ली गई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
रात में राहगीर से की थी लूट
पुलिस के मुताबिक, ग्राम छाती निवासी विमल देशलहरे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 जुलाई 2026 की रात करीब 2 बजे वह एक्टिवा से मगरलोड जा रहे थे। रास्ते में ग्राम मंदरौद मोड़ स्थित राजू फर्नीचर मार्ट के पास विश्राम के दौरान सफेद रंग की स्विफ्ट कार में पहुंचे बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और 9 हजार रुपये नकद, वीवो मोबाइल फोन तथा एक्टिवा स्कूटी (CG 04 KD 9932) लूटकर फरार हो गए।
तकनीकी जांच और CCTV से मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों से मिली जानकारी और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया—
अनुज ध्रुव (22), संतोषी नगर, रायपुर
भूपेश उर्फ कंज्जे ध्रुवंशी (20), सेजबहार, रायपुर
संजय विश्वकर्मा (23)
राजेन्द्र उर्फ राहुल निषाद (24)
योगेन्द्र उर्फ योगी यादव (21), रजोली, जिला बालोद
तीरथ यादव (23), ग्राम दोनर, जिला धमतरी
अमन लंगोटे उर्फ बिल्डर (26), सेजबहार, रायपुर
पुरन उर्फ राजा रात्रे (19), डरलीमुड़ा, जिला नुआपाड़ा (ओडिशा)
ओडिशा से बरामद हुई लूटी गई स्कूटी
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ओडिशा के नुआपाड़ा जिले के डरलीमुड़ा गांव से लूटी गई एक्टिवा स्कूटी बरामद की। इसके अलावा पीड़ित का वीवो मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार (CG 04 ND 9188) भी जब्त कर ली गई।
डकैती की धाराएं भी जोड़ी गईं
जांच में सामने आया कि वारदात में पांच से अधिक आरोपी शामिल थे। इसके बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित डकैती संबंधी धाराएं भी मामले में जोड़ी गईं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।