मुकेश प्रजापति, भैरूंदा: भैरूंदा अंतर्गत ग्राम धौलपुर की होनहार बेटी कुमारी दीपिका पुत्री छोटेराम जाट द्वारा मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की फूड इंस्पेक्टर परीक्षा में सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन करने पर उन्हें सम्मानित किया गया। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश सचिव एवं पूर्व प्रत्याशी बुधनी विधानसभा विक्रम मस्ताल शर्मा (हनुमान) ने कहा कि जब ग्रामीण अंचलों की बेटियां अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर ऐसी उपलब्धियां हासिल करती हैं, तो न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा क्षेत्र गौरवान्वित होता है।
उन्होंने आगे कहा कि ऐसी प्रतिभाएं समाज के लिए प्रेरणा बनती हैं और आने वाली पीढ़ियों को आगे बढ़ने का मार्ग दिखाती हैं। उन्होंने दीपिका जाट एवं उनके संपूर्ण परिवार को बधाई देते हुए कहा कि माता नर्मदा, मां विंध्यवासिनी, प्रभु श्रीराम एवं हनुमान जी की कृपा से उनका आगामी जीवन सफलता, सम्मान और उपलब्धियों से परिपूर्ण हो। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दीपिका भविष्य में भी अपने कार्यों से समाज और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
इस अवसर पर उनके निजी निवास पहुंचकर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने दीपिका का पुष्पमाला एवं मिष्ठान भेंट कर सम्मान किया तथा उन्हें मिठाई खिलाकर उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं एवं प्रोत्साहन प्रदान किया। कार्यक्रम में अशोक भाटी, करण जाट, संतोष शर्मा, ओम पटेल, यूथ कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष कपिल चौहान, शुभम चौहान सहित कई लोग मौजूद रहे। सभी ने दीपिका जाट की इस उपलब्धि को क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।