भोपाल : मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी सूचना, राजधानी भोपाल में 24 और 25 जून को मेट्रो की सेवाएं पूरी तरह से बंद रहेगी। जिसको लेकर आदेश भी जारी कर दिया गया है। यह फैसला यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया है। तो वही मेट्रो का दोबारा संचालन 26 जून से यात्रियों के लिए शुरू कर दिया जायेगा।
सिग्नलिंग प्रणाली की होगी जांच
दरअसल, भोपाल मेट्रो परियोजना के तहत सिग्नलिंग प्रणाली की बारीकी से जांच होनी है। इसके लिए कमिशनर आफ मेट्रो रेल सेफ्टी (सीएमआरएस) की टीम 24 और 25 जून को एक विस्तृत निरीक्षण करने आ रही है। इस जांच प्रक्रिया के दौरान सभी जरूरी तकनीकी टेस्ट और सुरक्षा मानकों को परखा जाएगा, जिससे यात्रियों का सफर पूरी तरह सुरक्षित रहे।
26 जून से सेवाएं होंगी शुरू
मेट्रो प्रबंधन ने बताया कि निरीक्षण और परीक्षण कार्य पूरा होने के बाद 26 जून से मेट्रो सेवाएं अपने निर्धारित समय के अनुसार दोबारा शुरू कर दी जाएंगी। इसके बाद यात्रियों को नियमित रूप से मेट्रो सुविधा मिलती रहेगी।
समय-समय पर होता है तकनीकी परीक्षण
मेट्रो के पहिए थमने की वजह से यात्रियों को भले ही 2 दिनों तक सफर करने में थोड़ी बहुत परेशानी होगी। लेकिन इससे भविष्य में यात्रियों को अधिक सुरक्षित और निर्बाध सेवा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल निगम लिमिटेड का कहना है कि यात्रियों को सुरक्षित, आधुनिक और विश्वस्तरीय सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर तकनीकी परीक्षण और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाती है। यह निरीक्षण भी उसी प्रक्रिया का हिस्सा है।