उज्जैन :---भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्टार क्रिकेटर सुरेश रैना शुक्रवार तड़के धर्मनगरी उज्जैन पहुंचे और भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। रैना सुबह करीब 4 बजे मंदिर पहुंचे और लगभग दो घंटे तक नंदी हाल में बैठकर बाबा महाकाल का जाप किया। इस दौरान क्रिकेटर पूरी तरह से भक्ति भाव में डूबे हुए नजर आए।
भाई और भतीजे के साथ किए बाबा महाकाल के दर्शन
सुरेश रैना अपने भाई और भतीजे के साथ बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे थे। भस्म आरती संपन्न होने के बाद उन्होंने देहरी से भगवान महाकाल का पूजन किया। इसके बाद नंदी जी का पूजन कर जल अर्पित किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
अनुभव किया साझा
दर्शन के बाद सुरेश रैना ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि बाबा महाकाल के दर्शन कर उन्हें दिव्य अनुभूति हुई। यहां की ऊर्जा आज अलग ही स्तर की थी। यह उनके लिए एक दिव्य अनुभव है। बाबा महाकाल का आशीर्वाद सभी को एक उद्देश्य से जोड़ता है।
इंदौर से पहुंचे उज्जैन
बताया जा रहा है कि सुरेश रैना भस्म आरती में शामिल होने के लिए पहले इंदौर पहुंचे थे, जहां से वे उज्जैन आए। दर्शन के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका सम्मान किया गया। गौरतलब है कि एक दिन पहले भारतीय क्रिकेटर उमेश यादव भी बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचे थे और भस्म आरती में शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद लिया था।