बैतूल : मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में गुरुवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में 2 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि 2 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सभी लोग महाराष्ट्र के चंद्रपुर के रहने वाले और नलखेड़ा में मां बगलामुखी के दर्शन के लिए जा रहे थे। इस दौरान उनकी एक्सयूवी कार हादसे का शिकार हो गई।
रात करीब 1:30 बजे घटित हुई घटना
शाहपुर थाना प्रभारी नीरज पाल के अनुसार यह दर्दनाक दुर्घटना बैतूल जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर स्थित बरेठा घाट पर रात करीब 1:30 बजे घटित हुई। जानकारी के अनुसार, बीती देर रात महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से भोपाल की ओर जा रही एक्सयूवी कार बरेठा घाट से गुजर रही थी इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए ट्राला ने कार को जोरदार टक्कर मार दी,टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में पीछे बैठे दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और सामने बैठे दो लोग घायल हो गए।
हादसे में इनकी गई जान
इस हादसे में कार सवार 50 वर्षीय वकील राजू हेपट और 25 वर्षीय राहुल कनाके की मौत हो गई। हादसे में कार में मौजूद 27 वर्षीय सूरज धोके तथा 30 वर्षीय निखिल पावड़े घायल हो गए। जिनका उपचार अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने कंटेनर ट्रक को किया जब्त
इधर, हादसे के बाद पुलिस ने कंटेनर ट्रक को जब्त कर लिया है। साथ ही आगे की कार्रवाई की जा रही है। वही शवों को पोस्टमार्टम के बाद आज परिजनों को सौंप दिए गए।